AMBIKAPUR. सरगुजा लोकसभा चुनाव का रण बेहद दिलचस्प हो गया है। लगातार 4 बार चुनाव हार चुकी कांग्रेस इस बार महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारकर जीत की उम्मीद लगा रही है। तो भाजपा को उम्मीद है कि कांग्रेस से बीजेपी में आये चिंतामणि महाराज उन्हें पांचवी जीत दिलाएंगे।
दरअसल इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल महिलाओं का हक दिलाने की बात कहते हैं और ज्यादातर महिलाओं को लाभ देने वाली घोषणाएं भी चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किए हुए हैं। ऐसे में सरगुजा लोकसभा जहां कांग्रेस को छग बनने के बाद से जीत नहीं मिली है यहां इस बार कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार पर अपना दांव खेला है।
शशि सिंह को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है शशि पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की बेटी है ऐसे में उनके पास राजनैतिक विरासत के रूप में राजनैतिक अनुभव तो है ही। साथ ही शशि सिंह युवा और तेज तर्रार नेत्री है।
ऐसे में कांग्रेस को उम्मीद है कि महिला उम्मीदवार के जरिये कांग्रेस न सिर्फ जीत दर्ज करेगी बल्कि भाजपा के जीत के रथ को भी रोकेगी। टीएस सिंहदेव का कहना है कि शशि सिंह महिला उम्मीदवार हैं, इससे महिलाओं का साथ मिलेगा और कांग्रेस जीत दर्ज करेगी।
इधर भाजपा का कहना है कि कांग्रेस सिर्फ महिला हितैषी होने का दावा करती है, मगर भाजपा महिलाओं को सम्मान देती है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 3 महिला प्रत्यासी को मैदान में उतारा जिससे महिलाओं का साथ मिला और उसका हक भाजपा ने महिलाओं को लौटाया है।
भाजपा का कहना है कि महिला उम्मीदवार कांग्रेस को जीत नहीं दिला पाएगी। बल्कि इसबार भाजपा पांचवी बार जीत दर्ज करेगी बल्कि जीत का आंकड़ा पहले से ज्यादा होगा।
बहरहाल देखना होगा कि क्या महिला उम्मीदवार कांग्रेस को जीत दिला पाने में सफल होती है या भाजपा के चिंतामणि महराज भाजपा को पांचवी जीत दिला पाने में सफल हो पाते है।