BILASPUR. कोनी क्षेत्र के अरपा ग्रींस में रहने वाले रिटायर्ड तहसीलदार को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने में की। इस पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच में जुट गई है।
बता दें, कोनी स्थित अरपा ग्रींस कॉलोनी में रहने वाले शंकर पाटले उम्र 70 वर्ष रिटायर्ड तहसीलदार हैं। उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत में बताया कि 8 मार्च की रात उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया।
फोन करने वाली महिला ने हलो कहने के बाद कॉल कट कर दिया। देर रात उनके मोबाइल पर वीडियो कॉल आया। कॉल में किसी का चेहरा नहीं दिख रहा था। सीने और अंदरूनी अंगों को दिखाते हुए कुछ देर में ही कॉल काट दिया गया।
दूसरे दिन सुबह उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को साइबर क्राइम डीएसपी बताते हुए अश्लील वीडियो इंडरनेट मीडिया में अपलोड होने की जानकारी दी।
साथ ही वीडियो को डिलीट कराने के लिए एक मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद उन्होंने बदनामी का डर दिखाकर वसूली शुरू कर दी। डरे हुए रिटायर्ड अधिकारी ने जालसाजों को 10 लाख रुपये दे दिए।
इसके बाद भी उनसे रुपये मांगे जाते रहे। रिटायर्ड अधिकारी ने घटना की शिकायत संभागीय साइबर थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। जालसाजों की तलाश की जा रही हैं।
अलग-अलग तरह से ठग रहे लोगों को
पुलिस ने समय-समय पर अलर्ट जारी कर जालसाजों व ठगों से बचने संदेश प्रसारित किया है। लेकिन जालसाज के झांसे में पढ़े-लिखे लोग भी फंस जा रहे है।
पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आए तो उस पर भरोसा न करें। किसी को भी पैसे देने से पहले सोचे-विचारे या फिर पुलिस को इस तरह की घटना की जानकारी तुरंत ही दें।