BHILAI. वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के द्वारा धर्मांतरण को लेकर दिए गए बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्म हो गई है। अब भाजपा और कांग्रेस इस मामले पर अपनी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कांग्रेस इसे भाजपा की असलियत बता रही है तो वहीं भाजपा इसे रिकेश सेन का निजी बयान कह रही है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की वैशाली नगर सीट से बीजेपी विधायक रिकेश सेन ने धर्मांतरण को लेकर एक विवादित बयान दिया है। रिकेश सेन ने कहा कि धर्मांतरण करने वालों का गर्दन काट कर रख देना। उनके इस बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। अब इसे लेकर प्रदेश में सियासत भी गर्म होती दिख रही है। कांग्रेस नेताओं ने उनके इस बयान को लेकर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।

कांग्रेस नेताओं ने साधा निशाना
विधायक रिकेश सेन के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अब इसे लेकर प्रदेश में सियासत भी गर्म होती दिख रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक ने कहा कि चुनाव आयोग को इस बयान पर संज्ञान लेना चाहिए।
ऐसा बयान देने वाले विधायक पर मामला दर्ज किया जाना चाहिए। इस तरह बयान देकर भाजपा नेता सांप्रदायिकता फैलाना चाह रहे हैं। ऐसा बयान बताता है कि भाजपा हताश है।

वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने कहा कि संविधान ना मानना, मार काट की बात करना भाजपा का चरित्र है। ऐसे बयान देने वालों की जगह जेल है। राज्य सरकार को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए।

भाजपा नेताओं का पलटवार
कांग्रेस नेत्री राधिका खेड़ा के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि कवासी लखमा ने एक समय बयान दिया था कि तीर धनुष से पुलिस वालों को मार डालो। तब राधिका खेड़ा का कोई बयान आया था। बयान का आशय था कि धर्मांतरण मुद्दा खत्म हो।

इस मामले में पूर्व सांसद गोमती साय ने प्रतिक्रिया दी है। गोमती साय ने कहा है कि ये बयान रिखेश सेन का व्यक्तिगत बयान हो सकता है, लेकिन वह भी धर्मांतरण के खिलाफ हैं। जशपुर में कुमार साहब के नेतृत्व में धर्मांतरण के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है और अब उनके सुपुत्र घर वापसी अभियान चला रहे हैं। धर्मांतरण को बीजेपी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

रिकेश सेन ने कही थी ये बात
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हिन्दू युवा मंच की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में बीजेपी विधायक रिकेश सेन शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने मंच को संबोधित करते हुए कहा कि माता लक्ष्मी की तुलना कमल के फूल से करते हुए कहा जो राम को लाए हैं, उन्हें फिर लाना है।

सनातन धर्म की रक्षा के लिए, हिंदुत्व की रक्षा के लिए अगर जान भी देनी पड़े तो देना, लेकिन धर्म को कभी बदलने नहीं देना। ऐसा कोई भी हो जो इस देश के अंदर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करें, उसकी गर्दन काट कर रख देना। उन्होंने ये भी कहा कि अगर इस प्रदेश में कोई ऐसा शहर है जो हिंदुत्व को, सनातन धर्म को आगे बढ़ा सकता है, तो वह दुर्ग शहर है।




































