BILASPUR. पुराना सरकण्डा स्थित श्री पीताम्बरा पीठ त्रिदेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व का आयोजन 8 मार्च को किया जाएगा। मंदिर में स्थापित 108 किलो श्री पारद शिवलिंग का रुद्राभिषेक वैदिक मंत्रोच्चरण के साथ किया जाएगा। वहीं त्रिदेव मंदिर में यज्ञ-अनुष्ठान भी होगें। मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारी चल रही है।
बता दें, श्री पीताम्बरा पीठ त्रिदेव मंदिर में 108 किलो श्री पारद शिवलिंग की स्थापना वर्ष 2023 में की गई।
मंदिर के आचार्य पंडित दिनेश चंद्र पांडेय ने बताया कि 108 किलो पारद शिवलिंग का दर्शन मात्र से ही भक्तों की मुराद पुरी हो जाती है।
विशेष तौर पर महाशिवरात्रि पर पारद शिवलिंग के दर्शन, अभिषेक और पूजन से सभी मनोकामनाओं की सिद्धि होती है।
धर्म शास्त्रों के अनुसार पारद शिवलिंग को साक्षात भगवान शिव का रूप बताया गया है।
जिसकी विधि-विधान से पूजा करने से कई गुना फल प्राप्त होती है। साथ ही भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। यही कारण है कि इसे कामना लिंग भी कहा जाता है।
उन्होंने बताया कि मंदिर में पूजन की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। साथ ही इस अवसर पर पारंपरिक रूप से अखंड मनोकामना घृत ज्योति कलश प्रज्ज्वलित की जाएगी।
दो दिनों तक होगा अनुष्ठान
महाशिवरात्रि अनुष्ठान पूजन दो दिवसीय होगा। 8 मार्च को त्रयोदशी की तिथि पर सुबह 6 बजे से महारुद्राभिषेक आरंभ होगा।
इसके बाद रात्रि में चार पहर अभिषेक और पूजन किया जाएगा। वहीं 9 मार्च को सुबह 9 बजे से हवन एवं भंडारा का आयोजन किया जाएगा।