RAIGARH. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो दिन ब्रेक के बाद आज रायगढ़ पहुंच चुकी है। यहां के दर्रामुंडा से महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल के लिए यात्रा रवाना हुई। यहां राहुल ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद जीप पर सवार होकर राहुल आगे बढ़े। इस दौरान यात्रा का जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ। इसके साथ ही अडानी-अंबानी और केंद्र सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
इस दौरान जनसभा को संबोधित किया और बच्चों से भी बात की। उन्होंने कहा कि देश में बीजेपी और संघ नफरत फैला रहे हैं, जबकि हमने मोहब्बत की दुकान खोली है। एक बार फिर जातीय जनगणना का जिक्र छेड़ते हुए राहुल ने पीएम मोदी को इसका विरोधी बताया।
राहुल गांधी ने कहा कि अंबानी चाइना का मोबाइल बनाते हैं। पैसा अंबानी और चाइना की जेब में जाता है। मैं चाहता हूं कि ये मोबाइल छत्तीसगढ़ में बने। पर ये सब मीडिया में नहीं आता। किसान मर जाएं, मजदूर मर जाएं मीडिया नहीं दिखाता। मीडिया अंबानी-अडानी के बच्चों की शादी दिखाता है।
जगह-जगह स्वागत
शहर के हर चौक-चौराहों पर कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी से मिलने भारी तादात में पिछले 3 घंटे से अधिक समय तक सड़को किनारे मौजूद हैं। ढोल-नगाड़े बजाकर स्वागत कर रहे हैं। इससे पूर्व रायपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ी में गीत भी जारी किया गया है। बता दें कि होगी। दोपहर साढ़े 12 बजे राहुल गांधी रायगढ़ पहुंचे। जिंदल एयरपोर्ट पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया
आपस में भिड़ गए समर्थक
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते ही विवादों का दौर शुरू हो गया है। रेंगालपाली सभा स्थल के आस-पास दीवारों पर लिखे नारों को लेकर समर्थक आपस में भिड़ गए। कई दीवारों पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल का भी नाम मिटाकर पूर्व मंत्री उमेश पटेल का नाम लिख दिया गया। नाम लिखने को लेकर वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। लोकसभा चुनाव के माहौल आपसी गुटबाजी पार्टी पर भारी पड़ सकती है।