BILASPUR. जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। दरअसल, अवैध शराब के मामले में जेल में बंद युवक की सोमवार को मौत हो गई। इसकी जानकारी के बाद हड़कंप मच गया। इसके बाद परिजनों ने जेल में मारपीट का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से युवक के मौत का कारण स्पष्ट होगा।
जानकारी के अनुसार ग्राम मोहरा निवासी अमृत लाल सूर्यवंशी का बेटा श्रवण सूर्यवंशी(34) गांव में किराने की दुकान चलाता था। गुरुवार को कुछ पुलिसकर्मी उसकी दुकान पर आए। पुलिसकर्मी महुआ शराब बेचने का आरोप लगाकर अपने साथ ले गए। उसके कब्जे से छह लीटर शराब जब्ती बताकर जेल भेज दिया गया। इसके बाद से श्रवण जेल में ही था।
इस बीच, रविवार की रात जेल से सूचना मिली कि श्रवण की तबीयत खराब है। उसे सिम्स में भर्ती कराया गया है। रात नौ बजे के करीब परिजन सिम्स पहुंच गए। इस दौरान स्वजन को श्रवण से मिलने नहीं दिया गया। पिता अमृतलाल ने बताया कि रात को श्रवण की स्थिति गंभीर थी। वह बात नहीं कर पा रहा था। अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे एक बेड पर लिटा रखा था। रातभर उसे एक भी डाक्टर देखने के लिए नहीं आया। तड़के करीब तीन बजे श्रवण की मौत हो गई।
वहीं, पिता समेत परिजनों ने जेल में श्रवण से मारपीट का आरोप लगाया है। जेल प्रबंधन ने घटना की जानकारी जिला प्रशासन के अधिकारियों को दी है। न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी शव का पीएम कराया जाएगा। इसके लिए औपचारिकताएं शुरू कर दी गई है। अब मौत की वजह जांच की जाएगी।