RAIPUR. छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री फेस को लेकर जद्दोजहद कर रही भाजपा का सस्पेंस आज खत्म हो सकता है। सीएम का चयन करने नियुक्त गए गए तीनों पर्यवेक्षक रायपुर पहुंच गए हैं। कुछ देर बाद विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक होगी। पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित भाजपा के 54 विधायकों से तीनों पर्यवेक्षक रायशुमारी करेंगे और एक नाम पर सहमति बनाएंगे।
बता दें कि तीन दिसंबर को परिणाम आने के बाद से मुख्यमंत्री को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। ऐसा पहली बार हुआ कि भाजपा में मुख्यमंत्री फेस को लेकर इतने दिनों तक सस्पेंस बना रहा है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री चेहरा तय करने भाजपा ने तीन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है.
जिसमें केंद्रीय जनजातीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम का नाम शामिल है।
विधायल दल की बैठक में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश सहप्रभारी नितिन नबीन भी बैठक में शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर 7 से 8 नामों की चर्चा है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी, पूर्व मंत्री लता उसेंडी का नाम शामिल हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री का फेस चौकाने वाला हो सकता है। प्रदेशभर में सबकी नजर मुख्यमंत्री के चयन पर टिका है।
इससे पहले शनिवार की रात प्रदेश प्रभारी ओम माथुर रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा क चौंकाने वाला नाम सामने आएगा। भाजपा का सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनेगा। कार्यवाहक सीएम भूपेश बघेल के कौन बनेगा मुख्यमंत्री के बयान पर ओम माथुर ने कहा कि वह अपनी चिंता करें। कुछ दिनों से आपस में खींचतान चल रही है। वे उस बात की चिंता करें। माथुर ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने वाला है।