RAIPUR. राज्य में चुनावी प्रचार बीती शाम थम चुका है, आज प्रत्याशी डोर टु डोर प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं। लोगों से संपर्क करने अपने लिए और पार्टी के लिए वोट करने की अपील जनता से कर रहे हैं। वहीं शिकायत यह भी मिल रही है कि आज कई जगहों को मतदाताओं को प्रलोभन देकर अपने पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इसी को देखते हुए आज रायपुर सांसद सुनील सोनी निर्वाचन आयोग पहुंचे और जिला और पुलिस प्रशासन पर सरकार के इशारे पर काम करने की शिकायत की। कांग्रेसियों पर खुलेआम शराब, साड़ी, पायल, बिछिया और पैसा बांटने का भी आरोप लगाया गया है। साथ ही उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए अराजक और शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल के साथ पहुंचे भाजपा सांसद ने निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है। आपको बता दें कि सांसद सुनील सोनी पहले भी पुलिस और प्रशासन पर पक्षपात करने की शिकायत कर चुके हैं। सांसद सोनी ने जिले के कलेक्टर से भी शिकायत की है और निश्पक्ष चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की मांग की है।
बता दें कि इसके पहले भी भाजपा कई बार निर्वाचन आयोग में शिकायत कर चुकी है। बीते दिनों केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव सह प्रभारी मनसुख भाई मांडविया के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने निर्वाचन आयोग में जाकर शिकायत की थी। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री मांडविया ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में हर क्षेत्र से शिकायत मिल रही है। कांग्रेस प्रशासनिक अधिकारियों के जरिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। जगह जगह अधिकारी चुनाव को प्रभावित करने भय का माहौल बना रहे हैं। कांग्रेस के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। हमारे कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की प्रचार सामग्री, पार्टी का झंडा लेकर जाने वाली गाड़ियों को रोक रहे हैं। लोकतंत्र में हर व्यक्ति किसी को भी वोट दे सकता है और यह हर नागरिक का अधिकार है कि वह किसी भी पार्टी का चुनाव प्रचार भी कर सकता है। अपने घर में झंडा लगा सकता है। राजनीतिक पार्टी अनुमति लेकर किसी के भी घर में झंडा लगा सकती है। ऐसी स्थिति में भारतीय जनता पार्टी का प्रचार करने वाले और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपने घर में झंडा लगाते हैं तो उनको भी प्रताड़ित किया जा रहा है। भाजपा नेताओं- कार्यकर्ताओं को डराने के लिए उनकी हत्याएं हो रही हैं। हत्या करने वाले सार्वजनिक तौर पर चौलेंज भी करते हैं। उसके बावजूद भी उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।