BHILAI. छत्तीसगढ़ में अगले महीने होने वाले चुनाव के लिए चुनावी बिसात बिछ गई है। नेताओं में आरोप-प्रत्यारोप दौर भी चल रहा है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी मुकाबला तेज हो गया है। इन सबके बीच अब होर्डिंग्स वार भी शुरू हो गया है। दरअसल, भिलाई में जगह-जगह होर्डिंग्स लगाए गए हैं, जिसमें लिखा है-यह लड़ाई व्यवहार और अहंकार के बीच…चुनाव आपका!

भिलाई में कांग्रेस पार्टी द्वारा लगवाए गए ये होर्डिंग इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि भिलाई नगर विधानसभा में चुनावी जंग कितनी भयंकर होने वाली है। इस होर्डिंग के जरिए प्रतिद्वंद्वी के व्यवहार को लेकर जनता को आगाह करने का प्रयास किया गया है। यह होर्डिंग लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इसके साथ ही ये होर्डिंग लोगों में चर्चा का विषय भी बन गए हैं।
इस चुनाव में भिलाई से मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच होने वाला है। पिछली बार इस विभानसभा क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार प्रेम प्रकाश पांडेय को कांग्रेस के प्रत्याशी देवेंद्र यादव ने हरा दिया था। इस बार इन दोनों के बीच सीधा मुकाबला होने जा रहा है। इस बीच, शहर में होर्डिंग्स वार भी शुरू हो गया है। इसे जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई ने जगह-जगह लगाए हैं।




































