DANTEWADA. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आज छत्तीसगढ़ दौरा है। सुबह नई दिल्ली से विशेष विमान से रवाना होकर 1.20 बजे सीधा जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर बीएसएफ के हेलीकाप्टर में दंतेवाड़ा पहुंचेंगे।
बस्तर की प्रसिद्ध देवी मां दंतेश्वरी की पूजा अर्चना के बाद अमित शाह परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगे। वही शाम चार बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
दरअसल, छत्तीसगढ़ में परिवर्तन के संकल्प के साथ भाजपा की परिवर्तन यात्रा शुरू होने जा रही है। इस यात्रा के दौरान 45 आम सभा, 32 स्वागत सभा और 5 रोड शो होंगे। संयोजक विधायक शिवरतन शर्मा व पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और सहयोगी के रूप में निरंजन सिन्हा और सचिन बघेल शामिल रहेंगे। वही दूसरी यात्रा 15 सितंबर से शुरू होगी। इस यात्रा में 2 संभागों के 14 जिलों के अंतर्गत 39 विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचकर 1,261 किमी का सफर तय किया जाएगा।
इस यात्रा के लिए परिवर्तन रथ तैयार किया गया है जिसमें बड़ा चेहरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का है। साथ ही इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह, सांसद सरोज पाण्डेय और लता उसेंडी की फोटो भी लगी हुई है।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भाजपा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच लाना है। इस दौरान भाजपा अपने 108 पेज के आरोप पत्र का सारांश पत्रक भी लोगों के बीच बांटेगी। इसके अलावा एलईडी स्क्रीन वाले प्रचार वाहन भी चलेंगे।