MAHASMUND. छत्तीसगढ़ में चल रही भाजपा की परिवर्तन यात्रा आज महासमुंद पहुंची। हाई स्कूल मैदान में आमसभा आयोजित की गई जिसमें केन्द्रीय सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मुंजापारा महेन्द्र भाई और प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव मौजूद रहे।

आयोजन में अरूण साव ने केंद्र सरकार के द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने गांव, गरीब और किसान के विकास के लगातार काम किया है। आज़ादी के बाद पहली बार एक गरीब मां का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना है इस वजह से ही गरीब का विकास हो पा रहा है।

साथ ही अरूण साव ने मुख्यमंत्री भूपेश पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुखिया गैंड़ी चढ़ रहे हैं, भंवरा चला रहे हैं, बाटी खेल रहे। ये बासी भी खाते है तो कांटा वाले चम्मच से। ये देख कर लगता है कि भूपेश बघेल बांसी का आविष्कारक बन गए हैं। भूपेश बघेल को स्कूल, अस्पताल, सड़क, पुल पुलिया बनाने की चिंता होनी चाहिए लेकिन इसके बजाय वे लोगों को गैंड़ी और बासी भोजन खाना सीखा रहे हैं।

इस दौरान केन्द्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने पिछले पांच सालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र की उपलब्धता बताई। उन्होंने कहा कि मोदी ने सुरक्षा, आविष्कार, व्यवसाय के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किया है। हमारा देश जब तरक्की की ऊंचाइयों को छू रहा है तो हमारा राज्य क्यो पीछे है। इसी से साफ हो जाता है की राज्य में परिवर्तन की आवश्यकता क्यों है।

वहीं महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मुंजापारा महेन्द्र भाई ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को याद करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा दिलाया। उनका सपना था कि छत्तीसगढ़ की यहां वन व खनिज संपदा जो प्रचुर मात्रा में पाई जाती है वह बरकार रहे। लेकिन छत्तीसगढ़ में पिछले चार- पांच साल से पीएससी, कोयला और शराब घोटाला से लगता है की राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की जनता का कभी भला नही चाहती। इसलिए अब छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की आवश्यकता है और परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है।






































