BHILAI. 11 जुलाई को भिलाई में होने वाला मैजिशियन व मोटिवेशनल स्पीकर सुहानी शाह का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। दरअसल, सुहानी शाह ने बागेश्वर धाम महराज, पं. प्रदीप मिश्रा के दिव्य दरवार का मजाक उड़ाते हुए उसे झूठा बताया था। इसके बाद से विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और भाजयुमो के द्वारा उनके कार्यक्रम का विरोध किया। उन्होंने इस कार्यक्रम को रद्द करने के लिए कलेक्टर और दुर्ग एसपी को भी ज्ञापन सौंपा था। भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य प्रशम दत्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम को रद्द करके डॉ. संतोष राय सर ने हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान किया है। सुहानी डॉ. संतोष राय इंस्टीट्यूट के बुलावे पर एक मोटीवेशनल प्रोग्राम में आने वाली थीं। डॉ. संतोष राय ने बताया कि उन्होंने खुद सुहानी शाह को फोन किया और बताया कि उनके कार्यक्रम को लेकर लोगों में विरोध हो रहा है, इसलिए वो इस कार्यक्रम को रद्द कर दें।
सुहानी के इस बयान से बढ़ा विवाद
दरअसल, एक इंटरव्यू में सुहानी ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के चमत्कार को महज ट्रिक बताया था। उन्होंने कहा था कि मैं इसे चमत्कार नहीं मानती हूं। बागेश्वर धाम में लोग एक ही जैसी समस्या लेकर आते हैं। जिसे बताना बहुत ही आसान हो जाता है। लोग इसे चमत्कार मानकर अंधविश्वास में फंस जाते हैं। यह कोई चमत्कार नहीं बल्कि माइंड रीडिंग की एक ट्रिक है। सुहानी शाह खूद बताती है कि, जो मैं करती हूं वह कोई चमत्कार नहीं, महज एक ट्रिक है। वहीं मैं लोगों से इसे चमत्कार मानने से मना भी करती रहती हूं।
जानिए सुहानी शाह के बारे में
सुहानी शाह का जन्म 29 जनवरी 1990 को उदयपुर, राजस्थान में एक मारवाड़ी परिवार में हुआ था। उन्होंने अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए कक्षा 2 में ही अपना स्कूल छोड़ दिया था। पूरी दुनिया में निरंतर यात्राओं के कारण वह होम-स्कूली थी। सुहानी ने कभी औपचारिक शिक्षा नहीं ली और इस पर उनका कहना है कि “एक स्कूल जितना सिखा सकता है या कर सकता है उससे अधिक अनुभवों ने सिखाया है। उनका पहला स्टेज शो 22 अक्टूबर 1997 को अहमदाबाद के ठाकोर भाई देसाई हॉल में आयोजित किया गया था। उन्होंने कई पुरस्कार जीते हैं और उन्हें ऑल इंडिया मैजिक एसोसिएशन द्वारा उन्हें जादूपरी की उपाधि से सम्मानित किया गया। सुहानी ने 2019 तक 5000 से अधिक शो किए। उन्होंने एक भ्रमजाल जादूगर के रूप में शुरुआत की और अब वह एक मानसिक चिकित्सक है। वह गोवा में अपने क्लिनिक सुहानी माइंडकेयर में क्लिनिकल सम्मोहन चिकित्सक के रूप में काम करती है। वह एक कॉरपोरेट ट्रेनर, लेखक और काउंसलर भी हैं और उन्होंने कई टेड टॉक्स दिए हैं