
BHILAI. स्पोर्ट्स हब भिलाई में क्रिकेट का महा मुकाबला होने जा रहा है। कॉरपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट के पोस्टर का विमोचन किया गया। कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 20 फरवरी से सेक्टर वन स्थित बीएसपी क्रिकेट ग्राउंड पर किया जाएगा। इसमें स्पर्श हॉस्पिटल, बीएम.शाह हॉस्पिटल, छत्तीसगढ़ डॉक्टर, ग्रामीण बैंक, दुर्ग पुलिस, भिलाई स्टील प्लांट (BSP), सिसकोल एबिस, निगम के पार्षद की टीम, निगम कर्मचारी की टीम, निगम ठेकेदारों की टीम, चैंबर ऑफ कॉमर्स की टीम, हमसफर टैग बी एबिस आदि अलग-अलग फील्ड की टीमें शामिल होगी।

आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में किसी तरह की एंट्री फीस नहीं है। पूरी तरह से नि:शुल्क है। इसके साथ ही सभी टीमों को टी-शर्ट आयोजन समिति द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। टूर्नामेंट के पोस्टर का आज विमोचन किया गया। इस दौरान पार्षद वशिष्ठ नारायण मिश्रा, पूर्व पार्षद ललित मोहन, नितेश शर्मा, भिलाई चैंबर ऑफ कॉमर्स के गार्गी मिश्रा और अजय भसीन, एंसीलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन दास गुप्ता, संरक्षक केके.झा व अन्य मौजूद रहे।

16 टीमों के बीच होगी टक्कर
आयोजन समिति के ललित मोहन ने बताया कि टूर्नामेंट में कुल 16 टीम है। चार-चार टीमों को कुल चार पूल में बांटा गया है। पूल ए, बी, सी और पूल डी के बीच भिड़ंत होगी। टूर्नामेंट का पहला मैच 20 फरवरी को शाम सात बजे से खेला जाएगा। जबकि चार मार्च को पहला सेमीफाइनल और पांच मार्च को दूसरा सेमीफाइनल मैच में टक्कर होगी। वहीं दोनों ही मैच को जीतने वाली टीम के बीच छह मार्च को खिताबी भिड़ंत होगी।







































