CAIRO. दांत चेहरे की खूबसूरती को बढ़ाते हैं। आजकल दांतों को मजबूत और चमकदार बनाने के नाम पर तरह-तरह के पेस्ट बिक रहे हैं। इसके साथ ही यह भी सच है कि लोगों को दांतों से जुड़ी बहुत सी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि जगह-जगह डेंटल क्लीनिक और डेंटल हॉस्पिटल खुल रहे हैं। मगर, दांत आखिर कितने मजबूत हो सकते हैं? क्या आप ट्रक को अपने दांतों से खींच सकते हैं? वह भी 15 हजार किलो वजनी ट्रक। आप सोच रहे होंगे कि यह भी भला क्या बात हुई। दातों से चने चबाने तक की बात तो ठीक थी, लेकिन ट्रक खींचने का इससे क्या लेना देना।

दरअसल, लेना देना है। मिस्र के रहने वाले अशरफ सुलेमान ने सबसे भारी ट्रक को अपने दांतों से खींचने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल भी हो रहा है। लोग इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं और शेयर कर रहे हैं। उनके दातों की ताकत को देखकर यूजर हैरान हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने हाल ही में अशरफ के इस कारनामे का एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने इस वीडियो के साथ जानकारी साझा की। जानकारी में लिखा है- अशरफ ने दांत में रस्सी बांधकर 15 हजार 730 किलो वजनी ट्रक खींच लिया।





































