BHILAI. आर्ट ऑफ लिविंग के द्वारा आज सुबह ‘योगाथन’ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पहुंचे स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया और ध्यान से लेकर योग आसन की विभिन्न क्रियाओं को एक साथ किया।
भिलाई के सिविक सेंटर स्थित जयंती स्टेडियम के पास मैदान में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की विशेष बात यह रही कि इसमें हजारों की संख्या में स्कूली बच्चों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार किया। इस दौरान मैदान का नजारा देखते ही बन रहा था। बच्चों ने सूर्य नमस्कार के साथ ही मेडिटेशन भी एक साथ किया। कार्यक्रम में बच्चों को सुव्यवस्थित ढंग से कतारबद्ध तरीके से स्थान दिया गया था।

इस आयोजन में दुर्ग के लोकसभा सांसद विजय बघेल, भिलाई के महापौर नीरज पाल, भिलाई नगर निगम के कमिश्नर रोहित व्यास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों के साथ ही आर्ट ऑफ लिविंग के सदस्य और स्कूलों के टीचर्स मौजूद रहे। आर्ट ऑफ लिविंग के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों का तनाव को दूर करना रहा। आयोजकों ने कहा कोरोना काल में जो प्रेशर आया था उसे दूर कर बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कराना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रहा।
सामूहिक सूर्य नमस्कार के दौरान बच्चों ने सभी प्रकार के आसन को व्यवस्थित ढंग से किया। सूर्य नमस्कार के बाद बच्चों को मेडिटेशन कराया गया। मौके पर मौजूद दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी बच्चों के साथ सूर्य नमस्कार और मेडिटेशन किया। इस कार्यक्रम में माइल स्टोन स्कूल, जुनवानी भिलाई के स्टूडेंट्स विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही दुर्ग जिले भर के अलग-अलग स्कूलों से आए बच्चों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।






































