BALRAMPUR. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को तातापानी महोत्सव में शामिल हुए। यहां उन्होंने करीब एक हजार तीन करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सबसे पहले तातापानी पहुंचे और यहां उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। यहां उन्होंने पतंग भी उड़ाया। फिर सामूहिक कन्या विवाह योजना अंतर्गत पांच सौ जोड़ों का विवाह के बाद नव जोड़ों से संवाद किया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के स्टॉलों को देखा और मंच से सराहना भी की।

इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिले के रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में दो सौ 84 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने चार सौ 46 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। सामरी विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने सात सौ 77 विकास कार्यों का शिलान्यास करने के साथ ही 16 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में 46 विकास कार्यों का शिलान्यास और एक सौ 38 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान किए गए 20 घोषणाओं तथा तीन निर्देशों का शिलान्यास एवं सामरी विधानसभा क्षेत्र में विद्युत विभाग के दो घोषणाओं के कार्यों का लोकार्पण किया।

इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव व सामरी विधायक चिन्तामणि महाराज, सरगुज़ा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह, अपेक्स बैंक के संचालक अजय बंसल, कलेक्टर विजय दयाराम के, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।





































