BILASPUR. छत्तीसगढ़ प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसे में एक और दिल दहला देने वाला नया मामला न्यायधानी बिलासपुर से सामने आया है। दरअसल प्रिंसिपल ने जब युवक को छात्रा से दूरी बनाने को कहा तो सिरफिरे युवक ने प्रिंसिपल की हत्या कर दी।

मामला बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंकरोड देवेंद्र गली का है। यहां 52 वर्षीय प्रदीप श्रीवास्तव उर्फ़ दीपक अपनी पत्नी के साथ रहते थे। वह वर्तमान में पचपेड़ी सरकारी स्कूल में प्राचार्य के पद पर पदस्थ थे। बीते गुरुवार की रात कुछ काम को लेकर घर से बाहर गए थे। लगभग रात 11:00 बजे दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी बाहर निकली तो उसके होश उड़ गए।

पोर्च में प्रिंसिपल जमीन पर पड़े हुए थे साथ ही उनके सिर से काफी खून बाहर निकल रहा था। बगल में एक गमला भी पड़ा हुआ था। पत्नी ने शोर मचाकर आस-पास के लोगों को बुला लिया। पड़ोसियों ने पहुंचकर आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्राचार्य को अस्पताल ले जाया गया, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी मोहल्ले में बड़े ही आराम से घूम रहा था। थाना प्रभारी मनोज पटेल ने रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम उपेंद्र कौशिक, पिता का नाम विश्राम प्रसाद कौशिक, उम्र 24 वर्ष, सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदीकला निवासी बताया साथ ही प्रिंसिपल की हत्या करना भी कबूल कर लिया।

ऐसे दिया घटना को अंजाम
शहर के बाहर से एक युवती शहर में पढ़ने आई थी। प्रिंसिपल उसके लोकल गार्जियन थे। आरोपी युवक का छात्रा से मिलना-जुलना बढ़ रहा था। ये बात प्रिंसिपल को पसंद नहीं थी। इससे गुस्से में आकर युवक ने प्रंसिपल की हत्या करना का प्लान बनाया। वह प्रिंसिपल के घर के बाहर उनके आने इंतजार कर रहा था। जब रात करीब 10:00 बजे वह घर आए तो उसने प्लानिंग के तहत प्रिंसिपल के सिर पर हथौड़े से वार करके मौत के घाट उतार दिया।





































