GHAZIABAD. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं दिख रहा है। ताजा मामला थाना लोनी क्षेत्र का है। यहां अपने घर के बाहर बैठी महिला दोपहर में धूप सेंक रही थी। उसके पास में ही उसका लड़का भी खड़ा था।
इसी दौरान एक बदमाश बंदूक लेकर महिला की तरफ आगे बढ़ता है। महिला उससे बचने के लिए पीछे की तरफ दौड़ती है। वह डर के मारे अपने गले की चेन तोड़कर नीचे जमीन में फेंक देती है। मगर, बदमाश यहीं नहीं रुकता है। वह महिला के हाथ से उसका मोबाइल भी छीन लेता है।
महिला भी बिना विरोध किए मोबाइल उसके हाथ में दे देती है। इसके बाद वह लड़के की तरफ बढ़ता है और बेखौफ बदमाश हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम देकर वहां से आसानी से फरार हो जाता है। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गाजियाबाद में बेखौफ बदमाशों ने तमंचे के बल पर महिला से लूटी चेन और मोबाइल @CMOfficeUP @myogiadityanath @myogioffice @yadavakhilesh @Uppolice @GariyabandPolic @MANASMAYANK5 pic.twitter.com/llibTobXKU
— Tirandaj (@Tirandajnews) December 13, 2022
बताया जा रहा है कि घटना थाना लोनी के अंकुर विहार चौकी क्षेत्र में गोकुलधाम सोसाइटी के बाहर की है। पुलिस ने बताया कि महिला धूप में बैठी थी, तभी अचानक बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाश मौके पर पहुंच गए। एक बदमाश बाइक से उतरकर घर के बाहर बैठी महिला के पास पहुंच जाता है और हथियार दिखाकर महिला को डरा धमका कर लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाता है।
लूट की घटना का सीसीटीवी फुटेज लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि बदमाश बेहद बेखौफ नजर आ रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय निवासियों में भी दहशत का माहौल है। महिला और उसका परिवार काफी डरा हुआ है। घटना की शिकायत पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।









































