RAIPUR. राजकुमार कॉलेज से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां कक्षा आठवीं की छात्रा जो कि महज 12 वर्ष की थी. वार्षिक उत्सव में डांस करने के लिए प्रैक्टिस के दौरान गिरने से हुए हादसे में उसकी मौत हो गई है. छात्रा के जमीन में गिरते ही फ़ौरन उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मामला रायपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र का है, यहां के राजकुमार कॉलेज में पढ़ने वाली कक्षा आठवीं की तमिलनाडु निवासी छात्रा आमुदाला तन्वी (12) वार्षिक उत्सव में होने वाले डांस की तैयारी 06 दिसंबर को कर रही थी. इसी दौरान करीब रात 08:45 बजे वह जमीन में गिर गई. आनन-फानन में उसे कटोरा तालाब स्थित अस्पताल ले जाया गया. हालत बिगड़ने पर परिजनों द्वारा पचपेड़ी नाका स्थित एक निजी अस्पताल में छात्रा को भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमोर्टम के लिए मेकाहारा भेजा गया, जिसके बाद परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी.

छात्रा तमिलनाडु की रहने वाली है कुछ समय पहले ही उसके परिजन रायपुर आये थे. और उसका एडमिशन राजकुमार कॉलेज में कराया गया था. जहां वह कक्षा आठवीं की पढ़ाई कर रही थी. आजाद चौक प्रभारी सीएसपी अविनाश मिश्रा ने बताया कि इस मामले की जांच में आजाद नगर पुलिस जुटी है. पोस्टमोर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा.







































