DURG. दुर्ग जिले में आज पानी की समस्या बनी रहेगी, क्योंकि कई इलाकों में पेय जल सप्लाई बंद रहेगी। जानकारी के अनुसार नगर निगम आज पाइप लाइन लीकेज की समस्या के चलते शटडाउन लेकर दिनभर मरम्मत का काम करेगा। इसके मुताबिक जीई रोड रायपुर से राजेन्द्र पार्क के करीब गुप्ता फर्नीचर के पास 400 एमएम राइजिंग पाइप लाइन में लीकेज की समस्या आई है। इसे आज ठीक किया जाएगा।
निगम से मिली जानकारी के अनुसार अधिक पानी का रिसाव होने के चलते इसका मरम्मत करना काफी जरूरी था। इसे देखते हुए दुर्ग नगर निगम ने पानी सप्लाई बंद करने का फैसला किया है। शटडाउन के कारण आज दिनभर लोगों के घरों में पानी नहीं आएगा। इस समस्या के चलते वार्ड शंकर नगर वार्ड 10, 11, 12 एवं 13, शक्ति नगर वार्ड 17, 18, 19, 20, 21 और वार्ड 22 सहित पद्मनाभपुर क्षेत्र वार्ड 41, 42, 43, 44, 45 व 46 सहित गिरधारी नगर के वार्ड 05 और 09, हनुमान नगर के वार्ड 19, 20, 21 और 29 सहित ट्रांसपोर्ट नगर में पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी।

पाइप लाइन लीकेज बंद करने के लिए मंगलवार को पूरा दिन मेंटेनेंस चलेगा। इसलिए सुबह और शाम दोनों टाइम पानी की सप्लाई नहीं की जा सकेगी। लोगों के घरों में बुधवार 16 नवंबर की सुबह पानी की सप्लाई दी जाएगी। दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल और जलकार्य प्रभारी संजय कोहले का कहना है कि कहीं भी पानी की समस्या नहीं होने दी जाएगी। जिन जगहों पर अधिक समस्या होगी वहां टैंकर से सप्लाई दी जाएगी।
गौरतलब है कि मेंटेनेंस कार्य के चलते नगर निगम, भिलाई और दुर्ग क्षेत्र के घरों में पानी सप्लाई नहीं हुआ था। इतना ही नहीं 12 नवंबर को भी जलापूर्ति में देरी से की गई। बता दें कि, शिवनाथ नदी में बने इंटकवेल यार्ड में शुक्रवार को मेंटेनेंस का काम होगा। इससे सुबह 11 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही थी।





































