TIRANDAJ.COM . वरिष्ठ पत्रकार स्व. रमेश नैय्यर की याद में सोमवार को पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ इंडिया रायपुर चैप्टर द्वारा श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी। इस मौके पर भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली के महानिर्देशक प्रोफ़ेसर डॉ संजय द्विवेदी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा की स्व. रमेश नैय्यर छत्तीसगढ़ में रहने वाले ग्लोबल सिटीजन थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता करते हुए अपनी पत्रकारिता को विश्व स्तर पर ख्याति दिलाई थी। उनका व्यक्तित्व ऐसा था जो सबको अपने साथ लेकर चलता था। वह छत्तीसगढ़ के पुरोधा पत्रकारों में से एक थे जिन्होंने अपना पूरा जीवन पत्रकारिता को समर्पित कर दिया था। एक संदर्भ ग्रंथ जैसे व्यक्तित्व का हम सबके बीच से चले जाना पत्रकारिता जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

मुख्यमंत्री भी रहते थे उन्हें सुनने के इच्छुक
छत्तीसगढ़ी गीतकार मीर अली मीर ने उनको याद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि कोई भी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम हो और वहां रमेश नैय्यर जी मौजूूद रहे तो उन्हें मुख्यमंत्री तक सुनने के इच्छुक रहते थे।

छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता को मजबूत किया
पुरातत्वविद् राहुल कुमार सिंह ने उनकी स्मृति को याद करते हुए कहा कि उनकी याद हम सबके लिए जीवनभर चिरस्थायी रहेगी। उनकी लेखन शैली कम शब्दों में बात रखने वाली थी। उन्होंने छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता को बहुत ज्यादा मजबूत किया।
वरिष्ठ पत्रकार शिरीष मिश्रा ने उनके व्यक्तित्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि वह एक ऐसे पत्रकार थे, जिन्हें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश के मुख्य पत्रकारों के रूप में याद किया जाता है।

प्रत्येक विषय को स्पष्ट रूप से रखते थे
सामाजिक कार्यकर्ता समीना खान ने कहा कि रमेश नैय्यर का ज्ञान प्रत्येक विषय में था। उन्हें जिस विषय में बोलने को कहा जाए, वह स्पष्ट रूप से उस विषय को व्यक्त करते थे।

भाषा की सटीकता
कवि पथिक तारक ने रमेश नैय्यर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कथा यात्रा, उत्तर कथा जैसी पुस्तकों का लेखन किया। जिसमें उनकी संपादनशैली और भाषा की सटीकता आसानी से देखी जा सकती है।
पत्रकारिता के पुरे एक विश्वविद्यालय
श्रद्धांजलि सभा का संचालन पीआरएसआई रायपुर चैप्टर के चेयरमैन डॉ. शाहिद अली ने किया और रमेश नैय्यर को याद करते हुए कहा कि वह पत्रकारिता के एक पूरे विश्वविद्यालय थे। उनका जाना पत्रकारिता और समाज के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

PRSI रायपुर चैप्टर के चेयरमैन डॉ. शाहिद अली श्रद्धांजलि देते हुए
इसके अलावा श्रद्धांजलि सभा टॉपर एजुकेशन सोसाइटी के नागेन्द्र दुबे, पीआरएसआई रायपुर चैप्टर के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेन्द्र मोहंती, कार्टून वॉच के संपादक त्र्यम्बक शर्मा, बबूल तिवारी, रामशरण टण्डन, भूपेश त्रिपाठी, आदिती त्रिपाठी ने भी अपनी स्मृति सांझा कि। अंत में पीआरएसआई, रायपुर चैप्टर के सह-सचिव डॉ. अदिति नामदेव ने आभार व्यक्त किया।

इस दौरान पीआरएसआई रायपुर चैप्टर के कार्यकारिणी सदस्य विनोद सावंत, चंद्रेश कुमार चौधरी, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, छात्र, पीआरएसआई के सदस्य, पत्रकार और समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहें।


































