SURAJPUR. भारतीय जनता महिला मोर्चा सूरजपुर ने शराबबंदी, रेडी टु ईट (निजीकरण), साथ ही जरुरतमंदों के प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित होने के चलते। प्रदेश सरकार के विरोध में भारी संख्या में स्कूटी रैली निकालकर भूपेश सरकार के प्रति विरोध जताया।

महिला मोर्चा प्रदेश स्तर पर 11 नवंबर को राज्य की न्यायधानी बिलासपुर में महतारी हुंकार रैली निकालने जा रही है। इसमें महिला मोर्चा की प्रदेशभर की कार्यकर्ताओं समेत प्रदेशभर से अन्य महिलाओं के आने की बात महिला मोर्चा द्वारा कही जा रही है। इस रैली का उद्देश्य प्रदेश में शराबबंदी अब तक नहीं हो पाने से लेकर रेडी टू इट के निजीकरण और प्रदेश में बढ़ते महिलाओं के प्रति दुष्कर्म जैसे मामलों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शित करना है।

सूरजपुर में निकली स्कूटी रैली
प्रदेश स्तर पर होने वाले महतारी हुंकार रैली से पहले सूरजपुर जिले में जिलाध्यक्ष लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश सरकार के विरोध में स्कूटी रैली निकाली गई।

जिलाध्यक्ष लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह स्कूटी रैली तीन मुख्य चीजों पर आधारित हैं। जो कि प्रदेश सरकार द्वारा किए गए वादाखिलाफी पर आधारित है। सरकार ने चुनाव से पहले शराबबंदी का वादा किया था। लेकिन अब सरकार खुद शराब की घर पहुंच सेवा उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही रेडी-टू-इट का निजीकरण कर दिया गया, और अब इस सरकार में जरूरतमंद लोगों को आवास तक नहीं मिल पा रहा है। क्योंकि सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना को बंद करवा दिया। इसी सरकार में महिलाओं के प्रति आपराधिक मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते ही जा रहे हैं। आज हमने स्कूटी रैली निकालकर प्रदेश सरकार का विरोध जताया है, साथ ही उन्हें चुनाव से पहले उनके द्वारा किये गए वादों को याद भी दिलाया है।







































