RAIPUR. भानुप्रतापपुर उपचुनाव के बीच बीजेपी और कांग्रेस का चुनावी घमासान जारी है। इस बीच, बीजेपी सांसद सुनील सोनी ने कांग्रेस द्वारा भाजपा प्रत्याशी ब्रहमानंद नेताम पर लगाए गए आरोप पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस का कहना है कि ये 2019 का मामला है, उस समय कांग्रेस की सरकार थी, तो कांग्रेस सरकार ने कार्रवाई क्यों नहीं की? उन्होंने कहा कि चुनाव के समय इस तरह के आरोप लगाना गलत है। सांसद सोनी ने कहा कि ये आपराधिक कृत्य है, ये अशोभनीय है। एक आदिवासी पर इस तरह का आरोप लगाना गलत है। मोहन मरकाम को अपना बयान वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन आरोपों से ही साफ है कि कांग्रेस को अपनी हार नजर आ रही है।
इधर, इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि रेप के आरोपी को BJP ने अपना प्रत्याशी बनाया है। प्रत्याशी पर झारखंड में पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज किया गया है। इस अपराध को निर्वाचन शपथ पत्र में किसके कहने पर छुपाया गया है? वहीं अपने ऊपर लगे आरोपों पर ब्रह्मानंद नेताम ने सफाई देते हुए कहा कि कांग्रेस का आरोप निराधार है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता तो मैं नामांकन दर्ज क्यों कराता। मैं कभी जमशेदपुर गया ही नहीं हूं। अगर ऐसा था तो मुझे गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया”। अपनी हार देखकर कांग्रेस षडयंत्र रच रही है।
गौरतलब है कि भानुप्रतापपुर उपचुनाव में दोनों ही पार्टियां आमने-सामने हैं, चुनाव में रोज नए नए बयान और आरोप प्रत्यारोप हो रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस ने आज बड़ा दांव खेल दिया है। कांग्रेस का यह आरोप कितना सही है और कितना गलत यह तो जांच के बाद ही बता चलेगा, लेकिन जो आज कांग्रेस चीफ मोहन मरकाम में प्रेस कान्फ्रेंस में कहा उसके अनुसार ब्रह्मानंद नेताम पर बलात्कार का आरोप है।
दरअसल, PCC चीफ मोहन मरकाम ने आज कांकेर में PC करके भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर बड़ा आरोप लगाया है। भानुप्रतापपुर उपचुनाव को लेकर आयोजित की गई PC में PCC अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी ब्रहमानन्द नेताम पर झारखंड में पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसके साथ ही उन्होंने नामांकन फार्म में जानकारी छिपाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में जमशेदपुर के टेलको थाने में उनके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज है। उन पर गैंग रेप और देह व्यापार में ढकेलने की धाराएं लगाई गई हैं। ब्रह्मानंद नेताम पर 15 साल की बच्ची से रेप का आरोप है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मानंद नेताम देहव्यापार का अपराधी है। झारखंड में ब्रह्मानंद पर पास्को एक्ट दर्ज है। कांग्रेस का आरोप है कि ब्रह्मानंद नेताम ने नामांकन फॉर्म में भी आपराधिक जानकारियां छिपाई है।








































