HARDA. गुरुवार को करवाचौथ था। पत्नियां अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रख रही थीं। मध्य प्रदेश के हरदा की रेणुका कहार का उसके पति के साथ कोर्ट में केस चल रहा है। फिर भी उसने सुबह से पति के लिए व्रत रखा था। महिला को उम्मीद थी कि दोनों के बीच सुलह हो जाएगी और वह पति के घर चली जाएगी।

मगर, शाम को फैमिली कोर्ट के बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। दोनों में हाथा-पाई होने लगी। इसमें दोनों के परिवार वाले भी शामिल हो गए। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को पकड़कर थाने ले आई।
फैमिली कोर्ट ने मामला सुलझाने के लिए बुलाया था
रेणुका कहार ने बताया, “चार साल पहले महेंद्र गांव के रहने वाले राहुल से शादी हुई थी। इसके बाद से ही वह मेरे साथ मारपीट कर रहा है।गुरुवार को मामला पेश किया गया और दोनों पक्षों को फैमिली कोर्ट में शांत रहने की सलाह दी जा रही थी।”
महिला ने बताया कि “मुझे उम्मीद थी कि समझौता हो जाएगा और इसलिए मैंने करवा चौथ का व्रत भी रखा था। मुझे लगा था कि मैं अब अपने पति के साथ रहूंगी। पेश करने के बाद पति और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। जिससे मैं काफी दुखी हूं। अब पुलिस मुझे न्याय दिलाए।”

इस मामले पर थाना प्रभारी राकेश गौर ने बताया कि बार एसोसिएशन की ओर से फोन आया था कि कोर्ट के सामने मारपीट हुई है। आनन-फानन में पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और 151 के तहत मामला दर्ज किया गया। चूंकि मामला अदालत के बाहर हुआ, इसलिए पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया।







































