BILASPUR. बिलासपुर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। व्यवसायी की कार खड़ी ट्रक में घुस गई। हादसे में शहर के व्यवसायी की मौत हो गई। हादसे में कार सवार दो अन्य घायल हो गए, जिनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
रायपुर रोड पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। हादसे में बिलासपुर के एक व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। व्यवसायी के साथ मौजूद दो अन्य लोग घायल है। दोनों घायलों को बिलासपुर के अपोलो हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यवसायी की कार खड़े ट्रक से टकरा गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना रायपुर रोड स्थित मुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र में हुई। बिलासपुर के कतियापारा मोहल्ले में रहने वाले व्यवसायी शिवकुमार गुप्ता कार में सवार थे। वह रविवार को गोंड़ पारा निवासी अपने साथी अधिवक्ता आशीष शुक्ला और ज्ञानेंद्र राज के साथ किसी काम से रायपुर गए थे। फिर देर रात वे वापस बिलासपुर आने के लिए निकले। कार आशीष चला रहा था। करीब तीन बजे कार सरगांव में एक ढाबा के पास पहुंची थी। तभी ड्राइव कर रहे आशीष को झपकी आ गई और तेज रफ्तार कर किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ढाबे के पास भीड़ लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों कार सवारों को बाहर निकलवाया। इस दौरान पता चला कि शिवकुमार की मौत हो चुकी है। वहीं आशीष और ज्ञानेंद्र की हालत नाजुक है। तत्काल दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं उनके पास मिले दस्तावेजों के जरिए उनके परिजनों से संपर्क कर उन्हें हादसे की जानकारी दी गई। परिजनों ने घायलों को अपोलो हॉस्पिटल में एडमिट कराया। दोनों घायलों का उपचार जारी है। मगर उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
रिफ्लेक्टर के अभाव में हो रहे हादसे
गौरतलब है कि खड़े वाहनों से टकरा कर दुर्घटनाएंं बढ़ रही है। इसमें चालकों की लापरवाही तो होती ही है, साथ ही खड़े वाहनों में भी रिफ्लेक्टर लगाने या लाइट जलाने जैसी औपचारिकता नहीं की जाती। इससे चालकों को खड़े वाहन दिख नहीं पाते और ऐसी घटनाएं बढ़ते जा रही है। इसके बाद भी इसे लेकर सख्ती नहीं बरती जा रही, जिसका नतीजा लोगों को अपनी जानें गंवानी पड़ रही है।





































