DELHI. कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव का नतीजा आ गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष चुने गए है। 24 साल बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब पार्टी को गांधी परिवार से बाहर का अध्यक्ष मिला है। सीताराम केसरी इससे पहले गैर गांधी अध्यक्ष रहे थे। कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए 6वीं बार चुनाव हुआ था। 17 अक्टूबर को हुई वोटिंग में खड़गे को 7897 वोट मिले और शशि थरूर को 1072 वोट मिले है। इस चुनाव में कुल 9385 नेताओं ने वोट डाला था जिसमे से 416 वोट रद्द हो गए।
1939 में जब कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ था, तब सुभाष चंद्र बोस को जीत मिली थी। महात्मा गांधी के उम्मीदवार पी सीतारमैया नेताजी से हार गए थे। वहीं आजादी के बाद 1950 में पहली बार पार्टी अध्यक्ष के पद के लिए चुनाव हुआ था। तब पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य कृपलानी ने अपनी अपनी दावेदारी रखी थी। इस चुनाव में सरदार वल्लभभाई पटेल के खास पुरुषोत्तम दास ने तत्कालीन पीएम जवाहरलाल नेहरू की पसंद आचार्य कृपलानी को हरा दिया था।

राहुल गांधी इन दिनों देश भर में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। यह यात्रा फिलहाल आंध्र प्रदेश में है। इस दौरान जब राहुल से पार्टी में उनकी भूमिका को लेकर सवाल किया गया, तो राहुल ने कहा कि कांग्रेस में अध्यक्ष के पास सर्वोच्च अधिकार होता है और नए अध्यक्ष ही मेरी भूमिका तय करेंगे।






































