RAIGARH. बीते दिनों रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाने के निरीक्षक (TI) प्रवीण मिंज पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर पैसों की मांग करने वाली युवती बिलासपुर से गिरफ्तार हो गई। मामले में आरोपी कथित पत्रकार को भी हिरासत में लिया गया। आरोपी युवती इससे पूर्व अपने ब्वायफ्रेंड को भी दुष्कर्म के मामले में फंसा चुकी है।

जानकारी के अनुसार मामला दो वर्ष पहले का है, जब प्रवीण मिंज धरमजयगढ़ में थाना प्रभारी थे। उन्होंने बताया कि धरमजयगढ़ की रहने वाली एक युवती मार्च 2020 में अपने प्रेमी विक्रम मंडल पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराई थी। जब पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की तो दोनों के बीच मामला सुलझ गया और युवती अपने प्रेमी के साथ रहने तैयार हो गई, जिससे मामला खात्मा में चला गया। बाद में उन दोनों के बीच फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ और बढ़ता चला गया और युवती ने बिलासपुर में विक्रम के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शून्य में अपराध दर्ज कर केस डायरी धरमजयगढ़ थाना भेंजी। पुलिस ने आरोपी विक्रम को हिरासत में लिया और जेल भेज दिया था। बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया।

फिर अप्रैल 2021 में युवती ने बिलासपुर आईजी से शिकायत करते हुए कहा कि प्रेमी विक्रम और थाना प्रभारी प्रवीण मिंज ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। तब थाना प्रभारी के खिलाफ विभागीय जांच की गई, जिसमें वे निर्दोष पाए गए।

थाना प्रभारी को करने लगे ब्लैकमेल
थाना प्रभारी मिंज ने बताया कि युवती बिलासपुर के सरकंडा की रहने वाली है। आरोपी युवती और 52 वर्षीय कथित पत्रकार उन्हें पैसों की मांग करते हुए ब्लैकमेल करने लगे। इस दौरान वे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देते रहे। अंतत: थाना प्रभारी ने कोतवाली थाने में रपट लिखवाया। फिर पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।







































