तीरंदाज डेस्क। क्या आपने कभी सोचा है कि आप सुबह टॉयलेट जाने के लिए बेताब हों और टॉयलेट में मगरमच्छ ने कब्जा कर लिया हो। उस वक्त आप कैसे मैनेज करेंगे। पहले टॉयलेट से मगरमच्छ को निकलाने की कोशिश करेंगे या फ्रेश होने के लिए किसी दूसरे के घर का दरवाजा खटखटाएंगे।

इसी तरह की घटना गुजरात के आणंद से सामने आई है। आणंद के सोजित्रा कस्बे के खाराकुवा इलाके के एक घर में करीब छह फुट लंबा मगरमच्छ टॉयलेट में मिला। उदयसिंह भीखाभाई राठौड़ के घर के लोग उसे देखकर दंग रह गए और डर के मारे उनका हाल बेहाल हो गया। उनके पास मगरमच्छ के वहां से जाने का इंतजार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।

मामले की सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, आणंद जिले के सोजित्रा कस्बे के खरकुवा क्षेत्र के रहने वाले उदय सिंह भीखाभाई राठौड़ के घर में सोमवार सुबह हड़कंप मच गया।

राठौड़ के परिवार का एक सदस्य जब दैनिक गतिविधियों से निवृत्त होने के लिए शौचालय गया, तो वहां करीब 6 फीट लंबा एक मगरमच्छ था। भीखाभाई राठौड़ ने बताया कि हमारे घर के पीछे वंदेवाड़ तालाब है, उसमें बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं। कई बार मगरमच्छ यहां से गांव में आ जाते हैं।

वन विभाग ने किया रेस्क्यू
घर के शौचालय में मगरमच्छ के आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मगरमच्छ को रस्सी से घसीटा और पिंजरे में बंद कर दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ की जांच के बाद उसे वन्य क्षेत्र में तालाब आदि में छोड़ा जाएगा।





































