RAIPUR. राजधानी में आज से अगले पांच दिनों तक क्रिकेट का रोमांच सर चढ़कर बोलेगा। रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के पांच मुकाबले शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने हैं, जिसकी शुरुआत आज से होने जा रही है। अब जब आप मैच को स्टेडियम में बैठकर लुत्फ उठाना चाह ही रहे हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। वरना, आपको स्टेडियम के गेट से ही लौटना पड़ सकता है। जी हां, कुछ ऐसी चीजें हैं जिन्हें साथ नहीं ले जा सकेंगेा इसकी पूरी सूची हम उपलब्ध कराने जा रहे हैं।
स्टेडियम के भीतर ले जाने के लिए जिन सामान को प्रतिबंधित किया गया है उसमें नशे से जुड़े सामान में शराब, बीड़ी, सिगरेट, गुटका, तंबाकू, माचिस, लाइटर शामिल हैं। इसी तरह पानी बोतल, टिफिन, वाद्ययंत्र, कुर्सी, स्टूल, बोर्ड, हॉकी स्टिक, झंडा, पटाखा, चाकू, कटार, तलवार, कैंची, धारदार हथियार, खाने-पीने की चीजें (बच्चों के खाद्य छोड़कर), कांच का कंटेनर, हैंडबैग, सूटकेस, लेडीज बैग, कागज का पैकेट, लैपटॉप, कैमरा, लेजर लाइट, लाइट पेन, पेंसिल, रेडियो समेत अन्य चीजें प्रतिबंधित रहेंगी। इन्हें लेकर आप स्टेडियम आते हैं तो इन्हें गाड़ियों में रख दें। नहीं तो एंट्री के दौरान रखवा लिया जाएगा।
आज इनके बीच होंगे मुकाबले, नाेट कर लें टाइम
आज रायपुर में दो मैच बैक टू बैक खेले जाएंगे। पहला मुकाबला दोपहर 3.30 बजे से श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच होगा। इसके बाद दूसरा मैच शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि रायपुर में मौसम साफ है। ऐसे में बारिश की खलल पड़ने की आशंका नहीं है। रायपुर स्टेडियम में कुल 10 पिच हैं, जिसके 7वें नंबर के पिच को मैच डे के लिए तैयार किया गया है।

बिल्कुल फ्री में देखें मैच, कैंपस में वीआईपी पार्किंग
एक खास बात ये है कि आज के दोनों मैच को देखने के लिए आपके जेब से पैसे नहीं जाने वाले हैं। जी हां, बिल्कुल सही पढ़ा, पहले दिन के मैच को बिल्कुल फ्री रखा गया है। हालांकि आपको प्रवेश से पहले टिकट जरूर लेने पड़ेंगे, भले ही यह फ्री में मिलेगा। इसके जरिए दर्शकों की बैठक व्यवस्था सुचारू ढंग से हो पाएगी। वहीं मैच में गोल्डन, सिल्वर, प्लेटिनम, कार्पाेरेट बॉक्स और साधारण टिकट रहेगा। टिकट के आधार पर पार्किंग और बैठक व्यवस्था रखी गई है। गोल्डन, सिल्वर, प्लेटिनम वालों के लिए ए, बी, सी और डी कार पार्किंग जारी की गई है। स्टेडियम कैंपस में ही उनकी पार्किंग रहेगी। गाड़ियों को स्टेडियम के गेट तक जाने दिया जाएगा। वहीं साधारण टिकट वालों के लिए सत्य सांई अस्पताल, सेंध तालाब, फॉरेस्ट नर्सरी, परसदा स्कूल समेत अन्य जगह पार्किंग रहेगी। वहां गाड़ी पार्क कर पैदल जाना होगा। मैच के दौरान भारी वाहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। शहर से आने वाले दर्शकों के लिए सिटी बस भी चलाई जा रही है। ये बसें रात तक चलेंगी।

जब लगे सचिन-सचिन के नारे, दूसरी बार पधारे दिग्गज
इससे पहले सोमवार की देर रात पांच देशों के खिलाड़ी रायपुर पहुंचे। इसके साथ ही भारतीय लीजेंड्स टीम के कप्तान सचिन तेंदुलकर के साथ ही युवराज सिंह समेत पूरी टीम रायपुर पहुंची। एयरपोर्ट पर सचिन-सचिन के नारे भी लगे। इनके पहले श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाड़ी रायपुर पहुंच चुके हैं। यह दूसरा मौका है जब इतने दिग्गज खिलाड़ी रायपुर आए हैं। इसके पहले 2021 में रोड सेफ्टी सीरीज के 15 मुकाबले राजधानी में खेले गए थे। तब इंडिया लीजेंड्स की टीम विजेता रही थी। इस बार ब्रायन लारा, शेन वॉटसन, ब्रेट ली, जोंटी रोड्स जैसे दिग्गज खिलाड़ी मैदान में गेंद और बल्ले से सबको रोमांचित करते दिखेंगे।






































