तीरंदाज, डेस्क। भैंसों की चोरी के मामले में रिपोर्ट नहीं लिखने पर मां की तलाश में बछड़े एसपी ऑफिस पहुंच गए। यह मामला मध्यप्रदेश के अशोक नगर जिले का है। यहां के ईसागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महोली में यह घटना घटी। चरने गई भैंसे वापस नहीं लौटी तो शिकायत करने पहुंचे ग्रामीणों का पुलिस ने उल्टा लौटा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया। बछड़ों को लेकर एसपी ऑफिस पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को इस मामले में एफआईआर लिखनी पड़ी।
MP : मां की तलाश में एसपी आफिस पहुंचे बछड़े @CMMadhyaPradesh @MPPoliceOnline pic.twitter.com/1t0nhOrM6Z
— Tirandaj (@Tirandajnews) August 27, 2022
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला पांच दिन पुराना है। अशोक नगर जिले के ईशागढ़ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम महोली निवासी दौलत पाल की भैंसे रविवार को चरने गई। देर शाम तक नहीं लौटी। दौलतपाल ने आसपास तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके दूसरे दिन वह ईशागढ़ थाने पहुंचा और पांच भैंसों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया और एफआईआर भी नहीं लिखी।

इधर दौलत पाल रोज थाने जाता और भैंसों के संबंध में पूछताछ करता तो जांच का बहाना कर पुलिस लौटा देती। आखिरकार दौलत पाल का सब्र जवाब दे गया। वह गांव वालों के साथ भैंसों के दो बछड़ों को साथ लेकर एसपी ऑफिस पहुंच गया। एसपी ऑफिस के सामने बछड़ों के साथ बैठकर धरना देने लगे। इसके बाद जब बात एसपी तक पहुंची तो वे पहुंचे और ईशागढ़ थाना प्रभारी को फटकार लगाई। इसके बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई।

लगातार हा रही है भैंसों की चोरी
शिकायत कर्ता दौलत पाल ने बताया कि गांव में लगातार भैंसे चोरी हो रही है। अब तक कई लोगों की भैंसों का पता नही चल पाया है। दौलतपाल का कहना है इस बार हमारी पांच भैंसे चोरी हो गई। एक-एक भैंस की कीमत 70 हजार रुपए है और इस हिसाब से पूरे 3 लाख 50 हजार रुपए की भैंसे हैं। भैंसों के नहीं लौटने से बछड़े भी परेशान है वे अपनी मां का इंतजार करती रहती हैं।


































