तीरंदाज, डेस्क। भारत में हमले की कोशिश कर रहे आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) से जुड़े एक आत्मघाती हमलावर को रूस ने गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी स्पुतनिक ने रूसी संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) के अधिकारियों के हवाले से यह खबर दी है। इसके मुताबिक, रूसी अधिकारियों ने जिस हमलावर को पकड़ा है, वह भारतीय नेतृत्व के अभिजात वर्ग के खिलाफ आतंकवादी हमले की योजना बना रहा था।

प्राधिकरण की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, “हिरासत में लिया गया आतंकवादी मध्य एशियाई क्षेत्र के एक देश का मूल निवासी है।” उसने खुद को उड़ाकर भारत के सत्तारूढ़ हलकों के प्रतिनिधियों में से एक के खिलाफ आतंकवादी कार्रवाई करने की योजना बनाई थी। इस आतंकवादी को आईएस के एक नेता ने तुर्की में आत्मघाती हमलावर के रूप में भर्ती किया था।

गौरतलब है कि इस्लामिक स्टेट और उसके सभी सहयोगियों को आतंकवादी संगठनों के रूप में अधिसूचित किया गया है। इसके साथ ही इसे केंद्र सरकार द्वारा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की पहली अनुसूची में भी शामिल किया गया है।

गृह मंत्रालय के मुताबिक, आईएस अपनी विचारधारा फैलाने के लिए विभिन्न इंटरनेट आधारित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहा है। इस संबंध में संबंधित एजेंसियों द्वारा साइबर स्पेस पर कड़ी नजर रखी जा रही है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कानून के आधार पर कार्रवाई भी की जा रही है।







































