जांजगीर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिवरीनारायण में रामनवमी पर्व के मौके पर भजन सम्राट अनूप जलोटा ने अपने चिर परिचित अंदाज में एक से बढ़कर एक सुप्रसिद्ध भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। अनुप जलोटा की प्रस्तुति के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस मौके पर सीएम बघेल भी अपने आप को रोक नहीं पाए और उन्होंन खंजरी बजाकर अनुप जलोटा के सुर में ताल मिलाए।

शिवरीनारायण में रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रख्यात भजन गायक अनुप जलोटा की सांस्कृतिक संध्या हुई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रामनवमी के पावन अवसर पर राज्य के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिवरीनारायण में आयोजित भजन संध्या में शामिल हुए। उन्होंने भजन गायिका द्वारा प्रस्तुत भजन के दौरान भाव विभोर होकर खंजरी बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया, जिसके चलते कार्यक्रम स्थल का माहौल भक्तिमय हो उठा।

सीएम बघेल ने बजाई खंजरी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सांस्कृतिक कार्यक्रम में पूरी तरह से डूबे हुए नजर आए। इस दौरान मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और मानस गायन विजेता दल के साथ खुद भी खंजरी वाद्ययंत्र लेकर संगत में बैठ गए। इसके बाद मुख्यमंत्री मंच से नीचे उतरे और भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा के भक्ति से परिपूर्ण गीतों का लुत्फ उठाया।
अनूप जलोटा ने ऐसी लागी लगन, राम नाम की लूट है ..भजन गाकर पूरे माहौल को पूरी तरह से भक्तिमय बना दिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया, छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत डॉ रामसुंदर दास समेत विशिष्ट जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।




































