कोरबा। छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री व कोरबा के विधायक जयसिंह अग्रवाल ने जिला कलेक्टर पर बड़ा आरोप लगाया है। बुधवार कोरबा में विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे राजस्व मंत्री ने कलेक्टर को भ्रष्ट बताया। उन्होंने कहा कि अपने निजी लाभ के लिए कोरबा कलेक्टर सड़क निर्माण नहीं होने दे रहीं। बता दें इस समय कोरबा की कलेक्टर रानू साहू हैं।
बुधवार को राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल मेजर ध्यानचंद चौक से दर्री डेम, दर्री मुख्यमार्ग, जमनीपाली, अयोध्यापुरी, गोपालपुर तक 02 लेन सड़क निर्माण तथा दर्री नवीन तहसील कार्यालय भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ करने दर्री पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कलेक्टर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रही हैं, इनका यह रवैय्या ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा।
राजस्व मंत्री ने यह बयान इमली छापर कुसमुंडा से तरदा तक हो रहे सड़क निर्माण बंद होने के सवाल पर दिया। उन्होंने कहा कि कलेक्टर ने सड़क निर्माण की दूसरी किस्त रोक दी है। इससे सड़क का निर्माण रुक गया है। मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जनता के हित के कार्यों में भी कलेक्टर को अपना हित दिख रहा है। उन्होंने कहा कि अपना हित साधने के लिए कलेक्टर ने यह काम किया है।
राजस्व मंत्री ने यह भी कहा कि हमारा प्रयास है कि पूरे कोरबा जिले की सड़कें बनें। उस दिशा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर विधानसभा अध्यक्ष व सांसद तक लगे हुए हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने भी सड़कों को स्वीकृत किया है। प्रदेश में कोई कलेक्टर सड़कों को रोकने का काम नहीं कर रहा है। केवल कोरबा जिले में कलेक्टर कर रही हैं। यह उनका निजी स्वार्थ है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि ऐसा कर वे क्या हासिल करना चाहती है, यह जांच का विषय है। ज्यादा अड़ंगा सड़कों में लगाएगीं तो हम मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच की मांग करेंगे। मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने यह भी कहा कि कलेक्टर भ्रष्ट है। वह जहां भी रहीं, उन्होंने ऐसा ही काम किया है। कलेक्टर अब वह सब कुछ कोरबा में भी करना चाहती है लेकिन हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।