भिलाई। नगर पालिका परिषद् जामुल में गुरुवार को पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर ने बजट प्रस्तुत किया। जामुल के विकास के लिए अध्यक्ष ने कुल 37 करोड़ 73 लाख 35 हजार रुपए का बजट रखा है। बजट प्रस्तुत करत हुए उन्होंने सभी क्षेत्रों में विकास की बात कही है। बजट के दौरान विपक्षी पार्षदों का विरोध भी देखने को मिला। बहुमत के आधार पर बजट पास हुआ।
बता दें जामुल पालिका में बीते दिनों हुए चुनाव के बाद भाजपा के सर्वाधिक पार्षद चुने गए। यहां कांग्रेस के केवल पांच पार्षद हैं। भाजपा ने निर्दलीयों की मदद से यहां अपना अध्यक्ष बनाया है। पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर ने अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंन पालिका में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 37 करोड़ 94 लाख 5 हजार रुपए आय का अनुमान लगाया है। अनुमानित आय के एवज में जामुल पालिका में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए कुल 37 करोड़ 73 लाख 35 हजार व्यय का प्रावधान रखा गया है।
अवैध प्लाटिंग को लेकर हंगामा
बजट के दौरान विपक्षी पार्षदों ने अवैध प्लाटिंग को लेकर हंगामा किया। विपक्ष के पार्षदों का आरोप है कि जामुल पालिका क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग लगातार बढ़ रही है लेकिन इस पर नकेल नहीं कसा जा रहा है। इसके जवाब में पालिका अध्यक्ष का कहना है कि पिछले 20 वर्षों से जामुल पालिका क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग का जोर चल रहा है। हम सभी पार्षदों के साथ समन्वय बैठाते हुए इसे रोकने के साथ ही अवैध प्लाटिंग करने वालों पर कार्रवाई करेंगे।
सभी के सहयोग से होगा विकास
पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर ने कहा कि जामुल पालिका में अभी सभी पार्षद नए चुनकर आए हैं। सभी के सहयोग से क्षेत्र का विकास किया जाएगा। जामुल का विकास एक शहर की तरह किया जाएगा। यह बजट नगर के विकास को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। हमारा प्रयास रहेगा कि अंतिम व्यक्ति तक हमारा विकास पहुंचे।
बजट के मुख्य बिंदु
- राजस्व व्यय के अंतर्गत वेतन, भत्ता, जीपी एफ ईपी एफ आदि पर 4 करोड़ 1 लाख रुपए।
- स्टेशनरी, टेलीफोन, अंकेक्षण शुल्क कानूनी प्रभार कार्यालय रख रखाव, ईंधन, तकनीकी शुल्क, विज्ञापन और प्रचार-प्रसार विपदा प्रबंधन कोविड 19 आदि पर राशि 1 करोड़ 4 लाख 40 हजार रुपए।
- विद्युत देयक, मरम्मत एवं रख-रखाव, सफाइ सामग्री, चिकित्सा शिविर, जल प्रदाय बोरवेल्स, कार्यक्रम आदि के लिए 3 करोड़ 63 लाख रुपए।
- शिक्षाकर्मी, पेंशन, परिवार सहायता, श्रद्धांजली योजना, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन क्लीन सिटी, एनयूएलएम आदि के लिए राशि रू 5 करोड़ 44 लाख 35 हजार व्यय का प्रावधान किया गया है।