रायपुर। शनिवार को रायपुर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे के दौरान जमकर बवाल हुआ। सिंधिया के रायपुर पहुंचने पर वीआइपी रोड के पास कांग्रेस नेता काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों में झडप हुई। मौके पर पूर्व मंत्री राजेश मूणत भी पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। पूर्व मंत्री राजेश मूणत व पुलिस के अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। बाद में पुलिस ने राजेश मूणत व एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता को हिरासत में ले लिया।
दरअसल इस पूरे बावाल की स्क्रिप्ट 2 दिन पहले लिखी गई। 3 फरवरी को राहुल गांधी के दौरे पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाए गए। इसके जवाब में कांग्रेस नेताओं ने पहले ही तय कर लिया था कि भाजपा को कोई भी नेता रायपुर आएगा तो उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे। इसी कड़ी में आज केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रायपुर पहुंचे तो कांग्रेसी उन्हें काले झंडे दिखाने की तैयारी में थे।
इस बात को लेकर बवाल शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि वीआईपी रोड के पास काले झंडे थामें कांग्रेसियों व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झूमा झटकी हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने पुलिस के साथ ही झड़प कर बैठे। पूर्व मंत्री मूणत इस दौरान बेहद गुस्से में नजर आए। अधिकारियों से यहां तक कहा कि हमने भी 15 साल राज किया है। पुलिस के अधिकारी नरमी से पेश आते रहे। लगभग आधे घंटे तक पुलिस और पूर्व मंत्री मूणत के बीच तीखी बहस होती रही।
इसके बाद राजेश मूणत यहां से निकल गए। कुछ देर बाद पुलिस के अधिकारियों ने राजेश मूरत को हिरासत में ले लिया और विधानसभा थाने ले गए। पूर्व मंत्री राजेश मूणत को हिरासत में ले जाने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता भी लामबंद हो गए। विधानसभा थाने के बाहर भाजपा कार्यकर्ता जुटे हुए हैं और पुलिस व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि थाने में भी पूर्व मंत्री राजेश मूणत बेहद गुस्से में थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर गलत कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कुछ बिगाड़ नहीं पाती इसलिए भाजपा नेताओं पर कार्रवाई कर रही है। इस मामले में विधानसभा थाने के टीआई अमित बेरिया ने कहा है कि महौल बिगड़ रहा था इसलिए पूर्व मंत्री राजेश मूणत को थाने लाया गया है। इनके खिलाफ फिलहाल किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं किया गया है।