भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा में शुक्रवार को अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी ने नामांकन रैली निकाली। राम मंदिर में पूजा अर्चना कर भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों ने चुनाव प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल, विधायक शिवरतन शर्मा, पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे के नामांकन रैली निकाली।
नामांकन रैली के दौरान चुनाव प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भिलाई चरोदा निगम में भाजपा तीसरी बार चुनाव जीतेगी। भाजपा के दो साल के सरकारी कार्यकाल में लगभग 700 करोड़ रुपए के कार्य हुए है। वहीं कांग्रेस की सरकार को आए 3 साल हो गए लेकिन कोई कार्य नहीं हुआ। कांग्रेस सरकार ने पुराने प्रोजेक्ट वापस ले लिए। विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। चारो निगमों में भाजपा की जीत होगी और भिलाई तीन चरोदा से ही यह संदेश जाएगा।
विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि भिलाई चरोदा मुख्यमंत्री का गृहक्षेत्र है और तीन साल से उन्होंने किसी प्रकार की राशि का सेंक्शन नहीं किया। विकास के नाम पर यहां कुछ नहीं हुआ है। जो कुछ भी विकास कार्य यहां हुए हैं वे सभी भाजपा के कार्यकाल में हुए हैं। यहां की जनता सबकुछ देख रही है। भिलाई तीन चरोदा से एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की जीत होगी।