BHILAI. भिलाई में कांग्रेस के नए दफ्तर के भूमि पूजन के बाद भाजपा में बवाल की नौबत आ गई। भाजपा के पुराने दिग्गजों ने हाल ही में अध्यक्ष बनाए गए बृजेश बिचपुरिया को घेरने की कोशिश की। आरोप लगाया गया कि खेल मैदान के लिए रखी गई जमीन पर कांग्रेस का दफ्तर बनाया जा रहा है और उसका कड़ा विरोध करने में संगठन नाकाम रहा। हालांकि बिचपुरिया अपने कौशल से विवाद को बढ़ने से रोकने में कामयाब रहे। इस दौरान संगठन ने पार्षद पियूष मिश्रा द्वारा शराब की दुकान को लेकर किए जा रहे आंदोलन से भी किनारा कर लिया।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा जिला योजना आयोग द्वारा नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं और समस्याओं पर रणनीति बनाई जानी है। इसी के तहत नगर निगम भिलाई के पार्षदों की बैठक मंगलवार को प्रियदर्शिनी परिसर बेस्ट में स्थित छत्तीसगढ़ अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित की गई थी। इसमें भिलाई भाजपा अध्यक्ष के अलावा सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन के साथ ही नगर निगम भिलाई के भाजपा पार्षद मौजूद थे।
बैठक में चर्चा नगर निगम की समस्याओं पर होनी थी, ताकि आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जा सके। लेकिन भाजपा के पुराने छत्रपों ने भिलाई भाजपा अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया को घेरने पर ज्यादा फोकस किया। छत्रपों ने कहा कि भिलाई के राधिका नगर में जिस जमीन पर कांग्रेस अपना दफ्तर बनाने जा रही है, वहां क्रिकेट मैदान बनाया जाना था। सोमवार को जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस जमीन को कांग्रेस पदाधिकारियों को सौंप रहे थे, तब इसका जोरदार विरोध किया जाना चाहिए था। लेकिन सभी को सूचना दिए बगैर विरोध किया गया, जिसका कोई असर नहीं हुआ।
छत्रपों ने बिचपुरिया को घेरने के लिए कहा कि कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन अगर संगठन स्तर पर विरोध की रणनीति बनाई जाती तो तस्वीर कुछ और हो सकती थी। सूत्र बताते हैं कि छत्रपों का रुख भांपते हुए बिचपुरिया ने मोर्चा संभाला और भविष्य में इसके लिए रणनीति बनाने की बात कहकर मामले को ठंडा कर दिया। इस संबंध में जब बिचपुरिया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि विरोध जैसी कोई बात नहीं हुई, बस चर्चा चल रही थी।
नगर नगम भिलाई का ऑफिस बेचने की तैयारी
भिलाई भाजपा अध्यक्ष ने tirandaj.com को बताया कि सरकार भिलाई नगर निगम का ऑफिस बेचने की तैयारी में है। नया ऑफिस भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के पास उस जमीन पर बनाने की तैयारी की जा रही है, जहां भाजपा सरकार ने बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क बनाने की योजना बनाई थी। भाजपा इसका विरोध करेगी। इसके अलावा नगर निगम भिलाई की गड़बड़ियों, साफ-सफाई, अफसरों के भ्रष्टाचार, भाजपा पार्षदों के वार्डों में विकास को लेकर किए जा रहे पक्षपात, नाली पानी की समस्या, सड़कों के गड्ढों को लेकर भाजपा जल्द ही बड़ा आंदोलन करेगी।
पार्षद पियूष मिश्रा के आंदोलन से संगठन ने किया किनारा
बैठक में भाजपा पार्षद पियूष मिश्रा द्वारा शराब दुकान हटाने को लेकर किए जा रहे आंदोलन पर भी चर्चा की गई। इसमें पार्षद के आंदोलन को व्यक्तिगत विवाद बताते हुए आपत्ति की गई। इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पियूष मिश्रा द्वारा क्या जा रहा आंदोलन व्यक्तिगत है। इसका पार्टी से संबंध नहीं है, जब पार्टी को लगेगा कि उसे इस मुद्दे को उठाना चाहिए, तब फैसला किया जाएगा।
Bhilai BJP President Brijesh Bichpuria, BJP councilors meeting in Bhilai, Councilor Piyush Mishra, Former minister Prem Prakash Pandey, MP VIjay Baghel, tirandaj.com, Vaishali Nagar MLA Vidyaratan Bhasin, पार्षद पियूष मिश्रा, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, भिलाई भाजपा अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, भिलाई में भाजपा पार्षदों की बैठक, वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन, सांसद विजय बघेल