BILASPUR NEWS. बिलासपुर के कोर्ट परिसर में उपद्रव मचाने वालों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। उपद्रवियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में दो अलग- अलग FIR दर्ज किए गए। दोनों पक्षों के उपद्रवियों को आरोपी बनाया गया है। वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

दरअसल, कथावाचक आशुतोष चैतन्य ने बीते दिनों एक कथा के दौरान सतनामी समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। सतनामी समाज इससे खासा आक्रोशित था। लिखित शिकायत तखतपुर थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने शनिवार को कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। लेकिन इस दौरान कोर्ट परिसर में जमकर हंगामा और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कोर्ट परिसर में इकट्ठा हो गए। इस दौरान जैसे ही पुलिस कथावाचक आशुतोष चैतन्य को कोर्ट लेकर पहुंची, सतनामी समाज के कुछ उपद्रवियों ने जमकर गाली गलौच करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कथावाचक को गाली गलौज करने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी भड़क गए। इस बीच कोर्ट परिसर में ही जमकर हंगामा और विवाद होता रहा।

पुलिस के साथ भी इस दौरान उपद्रवियों की जमकर झड़प हुई। बाद में कोर्ट ने कथावाचक को दो दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। हालांकि जिस तरह कोर्ट परिसर में उपद्रव मचाया गया, उसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ एक्शन लेते हुए अब FIR दर्ज कर लिया है।

मामले में दो अलग-अलग FIR दर्ज किए गए हैं, जिसमें दोनों पक्षों के उपद्रवियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इसमें शासकीय कार्य में बाधा सहित गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया है। बहरहाल, पुलिस वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



































