INDORE NEWS. भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने करीब 9 महीने बाद नई नगर कार्यकारिणी का ऐलान किया। 33 सदस्यों वाली टीम में 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 मंत्री शामिल हैं। जैसे ही सूची सामने आई, पार्टी में विवाद शुरू हो गया। जीतू जिराती के समर्थकों ने कार्यकारिणी के विरोध में भाजपा दफ्तर पर हंगामा किया।
पार्टी के भीतर जो असंतोष धीरे-धीरे सुलग रहा था, वह अब सड़कों पर उतर आया है। संगठन ने जब शहर की नई टीम बनाई तो तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुद को दरकिनार किया हुआ महसूस किया। चयन-प्रक्रिया को लेकर असंतोष पहले से था और जैसे ही सूची सामने आई, भाजपा का अनुशासन उसमें कहीं नहीं दिखा।

पोस्टर पर पोत दी कालिख
नाराज कार्यकर्ताओं ने “सुमित मिश्रा गुंडा है” के नारे लगाए और केबिन के बाहर लगी नेमप्लेट, गेट और पोस्टर में कालिख पोत दी। विरोध के बीच 28 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा देने की भी पेशकश की। खाती समाज के नेता पवन चौधरी ने कहा कि उनके समाज की अनदेखी हो रही है और जीतू जिराती के समर्थकों को पद नहीं मिल रहा।

चर्चा में है स्वाति काशिद का नाम
सूची में नगर मंत्री बनाए जाने पर स्वाति काशिद का नाम चर्चाओं में है। स्वाति आपराधिक पृष्ठभूमि वाले युवराज उस्ताद की पत्नी हैं। पहले भी उनके टिकट को लेकर विवाद रहा था। नगर निगम चुनाव के दौरान पार्टी ने पार्षद का टिकट उन्हें वार्ड 56 से दिया था। मगर, पति के आपराधिक पृष्ठभूमि के होने चलते महज 16 घंटे में टिकट वापस लिया था और दो टूक कहा था कि अपराधियों को टिकट नहीं दिया जाएगा।

कांग्रेस नेता ने की ये टिप्पणी
कांग्रेस ने बयान जारी कर भाजपा की कार्यशैली और नगर टीम को तानाशाही का प्रतीक बताया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव राकेश सिंह यादव ने कहा, “भाजपा के संस्कारों पर कालिख पोती गई है।” भाजपा की इंदौर नगर कार्यकारिणी भाजपा तानाशाही का प्रतीक बन गई है। गोडसेवादी भाजपा में विरोध भी गोडसे की पद्धति से हुआ है।

किसी भी संगठन की मजबूती सिर्फ घोषणाओं या पदों से नहीं होती है। यह कार्यकर्ता के भरोसे से बनती है, जो हमेशा से बीजेपी की मजबूती रही है। मगर, जिस तरह से यह विरोध प्रदर्शन हुए हैं, उससे कई सवाल उठ रहे हैं। कार्यकर्ता मानते हैं कि निर्णय कुछ चुनिंदा लोगों के बीच सीमित रह गए हैं। देखना है कि आने वाले दिनों में इस अनुशासनहीनता को भाजपा के बड़े नेता कैसे संभालेंगे।




































