RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। इस बीच अब पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के अंबिकापुर स्थित महल से चोरी का मामला सामने आया है। इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है। वहीं कांग्रेस को सरकार को घेरने का मौका भी दे दिया है।
छत्तीसगढ़ के कई शहरों में चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। अंबिकापुर में जहां चौराहों में लगी मूर्तियों के सामानों की चोरी, अस्पताल परिसर से एम्बुलेंस की चोरी के बाद अब सरगुज़ा राजपरिवार पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के अंबिकापुर स्थित महल अर्थात कोठी घर से चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने पीतल से बने एक हाथी की मूर्ति चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार महल के मुख्य द्वार पर 15-15 किलो वजनी दो पीतल के हाथी मूर्ति लगाए गए थे। चोरी की घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। घटना के समय टीएस सिंहदेव के राजपरिवार के सदस्य मौजूद नहीं थे। वहीं मौजूद गार्ड को चोरी की भनक नहीं लगी। घटना के बाद पुलिस जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
इधर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पहले ही अपराध की घटनाओं और कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर हमलावर है। ऐसे में टीएस सिंहदेव के घर चोरी की घटना ने एक बार फिर कांग्रेस को बैठे बिठाए मुद्दा दे दिया है। पीसीसी चीफ दीपक बैज के फोन चोरी होने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था। अब टीएस सिंहदेव के यहां चोरी की घटना ने कांग्रेस को आक्रोशित कर दिया है।
कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला कहते हैं जब हाई सिक्योरिटी एरिया में चोर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, तो प्रदेश के अन्य स्थानों में क्या स्थिति होगी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव अब भी कानून व्यवस्था सुदृढ़ होने का दावा करते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से सुदृढ़ है।