DHAMTARI NEWS. धमतरी शहर के टिकरापारा क्षेत्र में एक निजी मकान में चल रही चंगाई सभा को लेकर रविवार को विवाद की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने सभा का विरोध करते हुए इसे धर्मांतरण की साजिश बताया। इस दरमियान कार्यकर्ताओ ने जमकर हंगामा किया और नारेबाज़ी करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।


हिंदु संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी करते हुए सभा को तत्काल बंद कराने की मांग की। वहीं विवाद की सूचना मिलते ही तहसीलदार और सिटी कोतवाली थाना पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और किसी भी प्रकार के विवाद से बचने की अपील की। इसके बाद सभा को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया और माहौल शांत कराया गया।


वहीं हिंदू जागरण मंच का आरोप है कि शहर के टिकरापारा, सोरिद सहित अन्य चार जगहों पर एक धर्म विशेष के द्वारा इस प्रकार की सभाओं के ज़रिए भोले-भाले लोगों को गुमराह कर धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हिंदू संगठन के लोगों की शिकायत पर मामले की जांच कर रही है।
हिंदू समाज ने निकाली आक्रोश रैली
धमतरी में धर्मांतरण का असर लगातार दिखाई दे रहा है। इसी महीनी 9 तारीख को यहां हिंदू समाज ने आक्रोश रैली निकालकर धर्मांतरण का विरोध किया था। इस दौरान कुरुद नगर में एक आम सभा भी रखी गई थी। इस आंदोलन में 1500 की संख्या में लोग शामिल हुए थे। ये नाराजगी लगातार बढ़ते धर्मांतरण के कारण देखने को मिली थी। जब सर्व हिन्दू समाज के लोग कुरुद क्षेत्र में चंगाई सभा की आड़ में होने वाले धर्मांतरण से परेशान होकर आक्रोश रैली निकालकर प्रदर्शन किया था। हिंदु संगठनों ने स्थानीय लोगों को इलाज या पैसे का लालच देकर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया। सभा के बाद आंदोलनकारियों की तरफ से राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। जिसमें धर्मांतरण पर सख्त कानून बनाने की मांग की गई थी।




































