SAJA NEWS. साजा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ईश्वर साहू मुसीबत बढ़ती ही जा रही है। बेटे कृष्णा साहू पर एफआईआर के बाद अब कृष्णा से लूट भी हो गई है। बेटे कृष्णा ने साजा थाना पहुंचकर अपने साथ हुई लूट की घटना पर एफ़आइआर दर्ज कराई है। बताया गया कि एफआईआर दर्ज करने में 45 घंटे से ज्यादा यानी करीब दो दिन लग गए। बता दें कि जिस साजा में बीजेपी विधायक ईश्वर साहू के पुत्र के साथ यह घटना हुई है, वह प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा का गृह निर्वाचन क्षेत्र से बगल का जिला है।

जानकारी के अनुसार साजा थाना में अपराध क्रमांक 276/2024 के तहत FIR दर्ज की गई है। विधायक पुत्र कृष्णा साहू के द्वारा दर्ज इस FIR में बीएनएस की धारा 115(2),296,3(5),309 और 351 (3) प्रभावी की गई है। इसमें बताया गया है कि चेचनमेटा में 15 अक्टूबर की रात 11 बजे मनीष मंडावी, उसके चाचा ओमप्रकाश मंडावी तथा पिता गोंविद मंडावी ने शराब के नशे में कृष्णा के जीजा दिनेश से गाली-गलौज की, जब कृष्णा ने बचाव की कोशिश की तो मनीष ने हाथापाई करते हुए,शर्ट की जेब में रखे दस हज़ार रुपए निकाल लिए।

ये भी पढ़ें: Breaking: हरियाणा दौरे से पहले सीएम साय का बड़ा बयान… बोले-BJP भारी मतों से जीतेगी रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट
इसके बाद जब कृष्णा ने पैसे वापस मांगे तो मनीष के पिता गोविंद ने सड़क किनारे की बल्ली उखाड़ कर सर पर वार किया, जिसे कृष्णा ने दाएं हाथ से रोका। तिलेश नेताम ने भी मारपीट की। FIR में उल्लेख है कि मनीष ने गालियां देते हुए कहा कि अभी तेरे बड़े भाई भुवनेश्वर का मर्डर हुआ, उसी तरह तुम्हारा भी मर्डर करेंगे। बता दें कि FIR में मनीष मंडावी को मुख्य आरोपी बनाया गया है। मनीष ने ही विधायक ईश्वर साहू के बेटे कृष्णा साहू के खिलाफ एट्रोसिटी का मुकदमा दर्ज कराया है। मनीष मंडावी की ओर से शिकायत 14 अक्टूबर को दी गई थी, जिस पर जांच करने की बात कहते हुए एफआईआर नहीं की गई। इस मसले पर आदिवासी समाज ने आंदोलन की चेतावनी दी तो 15 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की गई।





































