DURG. दुर्ग व्यापारी दृष्टिकोण से प्रमुख केंद्र है। यहां जिले के शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण इलाकों और आसपास के जिलों से भी आम लोग और व्यापारी आते है। दुर्ग में स्थित सबसे प्रमुख इंदिरा मार्केट के व्यापारिक ग्राफ को उठाने दुर्ग जिला प्रशासन ने सकारात्मक कदम उठाए है।
इंदिरा मार्केट की मेन रोड के बीच में बने डिवाइडर की चौड़ाई को 50 परसेंट तक कम किया जाएगा। साथ ही टर्निंग पाइंट भी बढ़ाए जाने का फैसला लिया गया है। साथ ही मार्केट के अंदर गाड़ियों की भार क्षमता को कम करने के लिए निकटतम क्षेत्र में पार्किंग स्पॉट बनाए जाएंगे। साथ ही सड़क के किनारे स्थित ओपन नालियों को ढलाई कर फुटपाथ में बदला जाएगा। ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए रोड की लेवलिंग भी की जाएगी।

इंदिरा मार्केट के व्यापारियों की मांग पर बाजार के मुख्य मार्ग का निरीक्षण करने दुर्ग कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा पहुंचे। यहां इंदिरा मार्केट के व्यापारियों द्वारा उन्हें मार्केट की समस्याओं से अवगत कराया गया। व्यापारियों ने उन्हें बताया कि इंदिरा मार्केट के अंदर के मुख्य मार्ग पर पांच साल पहले डिवाइडर बनाया गया था। इसके बाद मार्केट में लेनदारी के ग्राफ में निरंतर गिरावट देखी जा रही है। इसके साथ ही व्यापारियों ने कई समस्याओं का कलेक्टर के समक्ष उल्लेख किया।







































