अंबिकापुर। डिजीटल सदस्यता अभियान के ट्रेनिंग प्रोग्राम में अंबिकापुर पहुंचे पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा कि शराब हमारी संस्कृति में है। छत्तीसगढ़ में 60 प्रतिशत क्षेत्र अधिसूचित है। यहां शराबबंदी संभव नहीं है। बाकी के 40 प्रतिशत में सरकार निर्णय ले सकती है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का सदस्यता अभियान चल रहा है। पार्टी के पदाधिकारी इसके लिए कार्यकर्ताओं के साथ लगातार काम कर रहे हैं। अलग-अलग शहरों-कस्बों में इसके लिए ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम लगातार भीड़े हुए हैं। जनता को कांग्रेस पार्टी की सालों पुरानी कार्यप्रणाली से अवगत कराकर डिजिटल माध्यम से जोड़ने पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं को जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि फरवरी से मार्च तक 10 लाख कांग्रेस डीजीटल के माध्यम से सदस्य बनाने का लक्ष्य है। कांग्रेस अगले चुनाव की पूरी तैयारी में जुट गई है। दावा किया कि यहां फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।
पत्रकारों ने मरकाम से पूछा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने ही मंत्री व पदाधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाते रहे हैं। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सभी लोगों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। कांग्रेस पार्टी में लाखों कार्यकर्ता हैं। अपनी बात कहते हैं तो उनकी समस्या को निराकरण करने की कोशिश करते हैं।
कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है। वहीं एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जिला कांग्र्रेस अध्यक्ष पर लगाए गए गंभीर आरोप के मामले मेंं पीसीसी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। कोई शिकायत आती है तो संज्ञान लेंगे।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री की छवि धूमिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सूरज को कोई रोशनी दिखाए, सूरज तो सूरज ही रहता है। उन्होंने कहा कि सभी मंत्री, विधायक, सांसद कांग्रेस पार्टी के हैं। अगर हम सरकार में हैं तो सभी के सहयोग से हैं। रायपुर में मंत्री टीएस की होर्डिंग्स हटाने की जांच चल रही है।
(TNS)


































