JANJGIR NEWS. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां इकलौते बेटे की मौत के सदमे से उबर नहीं पा रहे पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात कृष्ण पटेल (48) और उनकी पत्नी रमाबाई (47) ने घर के आंगन में लगे पेड़ पर एक ही फंदे से फांसी लगा ली। सोमवार सुबह दोनों के शव लटकते मिले, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

भावुक सुसाइड नोट
मृतक कृष्ण पटेल ने आत्महत्या से पहले 4 पन्नों का एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उन्होंने अपने बेटे आदित्य पटेल (21) की सड़क हादसे में हुई मौत का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि आदित्य ही उनके जीवन का आधार और संसार था।

सुसाइड नोट में लिखा गया है हम दोनों पूरे होश में अपनी इच्छा से खुद को शिव में अर्पण कर रहे हैं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। हमें प्रसन्नचित्त होकर विदाई दें।

वकील के नाम बनाया वीडियो
आत्महत्या से पहले दंपती ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उन्होंने अपने वकील से कहा कि यदि वे दुनिया में नहीं रहते हैं, तो उनके बेटे आदित्य के क्लेम के पैसे बड़े भाई कुलबहरा पटेल और जलबहरा पटेल को दिला दिए जाएं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।



































