BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को पेंट और केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोपहर करीब 12:30 बजे अनव इंडस्ट्रीज में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और काले धुएं का गुबार छा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल लंबे समय से स्टोर थे, जबकि सुरक्षा मानकों का पालन केवल कागजों तक सीमित बताया जा रहा है। आग लगते ही केमिकल ड्रमों के गर्म होने से विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई।

प्रशासन की तैयारी पर सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बढ़ रही फैक्ट्रियों के अनुपात में फायर ब्रिगेड और आपात सेवाओं की तैयारी नाकाफी है। यदि आग रिहायशी इलाके तक पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद औद्योगिक इकाइयों के नियमित निरीक्षण और फायर ऑडिट की मांग तेज हो गई है।

पुराने जख्म फिर हरे
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि इसी थाना क्षेत्र में कुछ सप्ताह पहले फर्नीचर फैक्ट्री में आग से दो लोगों की मौत हो चुकी है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं यह सवाल खड़ा करती हैं कि क्या पिछली घटनाओं से कोई सबक लिया गया?

हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग के कारणों की जांच कर रहे हैं। तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में यह आग सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सिस्टम के लिए एक कड़ी चेतावनी मानी जा रही है।




































