JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ पति की शराब पीने की लत और घरेलू हिंसा से तंग आकर पत्नी ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पत्नी ने अपने पति का शव ठिकाने लगाने में अपने पड़ोसी और नाबालिग बेटियों की मदद ली।

पुलिस के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर की रात की है। मृतक राम भगत (49) नशे की हालत में घर आया और कुल्हाड़ी लेकर अपनी पत्नी सुमित्रा भगत (50) पर हमला करने दौड़ा। पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए कुल्हाड़ी छीन ली और उसी से पति पर वार कर दिया। जब पति अधमरी हालत में जमीन पर गिर गया, तो सुमित्रा ने उसके सीने पर चढ़कर गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस पूरी खौफनाक वारदात को घर में मौजूद उनकी दो नाबालिग बेटियों ने अपनी आँखों से देखा।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए मां-बेटियों ने पड़ोस के एक लड़के की मदद ली। उन्होंने शव को कंधे पर उठाया और घर से करीब 1 किलोमीटर दूर एक नाले के पास गड्ढे में फेंक दिया। शव की पहचान मिटाने के लिए उस पर 2 लीटर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया।

अगले दिन पुलिस को अधजली लाश मिली, लेकिन पहचान न होने के कारण मामला उलझ गया। पुलिस ने एक लापता युवक को मृतक समझकर तीन बेकसूर दोस्तों को जेल भेज दिया था।
DNA टेस्ट से खुला राज
करीब तीन महीने बाद मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भाइयों ने पत्नी पर शक जताया। पुलिस ने जब शव के नमूने और मृतक की बेटियों का DNA टेस्ट करवाया, तो पहचान उजागर हो गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर पत्नी सुमित्रा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी और शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले पड़ोसी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है।



































