BILASPUR NEWS. न्यायधानी में भू-माफियाओं का जाल अब आम लोगों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को भी निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला सकरी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एफएम ग्रुप के डायरेक्टर पर कलेक्ट्रेट में पदस्थ एक क्लर्क से जमीन के नाम पर 13 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपियों ने रजिस्ट्री कराने के बजाय फर्जी चेक थमाकर महीनों तक पीड़ित को गुमराह किया।

उसलापुर के सांई नगर निवासी रविकांत शर्मा, जो कलेक्ट्रेट कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं, ने अपनी पत्नी सरस्वती शर्मा के नाम पर सकरी क्षेत्र के अमेरी पटवारी हल्का में 940 वर्गफुट जमीन खरीदने का सौदा किया था। बताया गया कि उक्त जमीन एफएम ग्रुप के नाम पर रजिस्टर्ड है और इसके संचालक मुर्तजा हुसैन हैं। पीड़ित रविकांत शर्मा ने शोहेल मुर्तजा के साथ एग्रीमेंट किया। कुल सौदा 16.25 लाख रुपये में तय हुआ। 18 अक्टूबर 2023 को 50 हजार रुपये नकद देकर सौदे की शुरुआत हुई। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में पीड़ित ने कुल 13 लाख 50 हजार रुपये आरोपियों को सौंप दिए। शेष रकम रजिस्ट्री के समय देना तय था।

रजिस्ट्री टलती रही, फिर रचा गया फर्जी चेक का खेल
रकम लेने के बाद आरोपी लगातार रजिस्ट्री टालते रहे। दबाव बढ़ने पर एग्रीमेंट निरस्त कर पैसे लौटाने का भरोसा दिया गया। इसी दौरान पीड़ित को 5 लाख 50 हजार रुपये का एक चेक दिया गया, जो बैंक में जमा करने पर फर्जी निकला और बाउंस हो गया। इसके बाद हर महीने एक लाख रुपये लौटाने का झांसा दिया गया, लेकिन एक रुपया भी वापस नहीं किया गया।

मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पहुंचा थाना
लगातार धोखे और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर कलेक्ट्रेट क्लर्क रविकांत शर्मा ने सकरी थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफएम ग्रुप के डायरेक्टर मुर्तजा हुसैन सहित शोहेल मुर्तजा, वसामा आसमी, नंदन साहू और मोहम्मद अनीस कादरी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

भू-माफिया नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। लेन-देन, दस्तावेजों और चेक की वैधता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकरण से शहर में सक्रिय भू-माफिया नेटवर्क के और भी नाम सामने आने की आशंका जताई जा रही है।


































