BILASPUR NEWS. जिले के उसलापुर स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में अवैध बोरिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बिना किसी तकनीकी सर्वे और अनुमति के की जा रही बोरिंग के कारण जमीन के भीतर इतना अधिक प्रेशर बना कि पड़ोसी के मकान की पुरानी बोरिंग लाइन पाइप फटने से धमाका हो गया। इस घटना में मकान के पार्किंग की टाइल्स उखड़ गईं और छत में भी गंभीर दरारें आ गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 जनवरी को घुरु-अमेरी मार्ग के पास स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में हुई। यहाँ एक खाली प्लॉट में नई बोरिंग का काम चल रहा था। ड्रिलिंग के दौरान दबाव इतना बढ़ा कि पास में रहने वाले विशाल शर्मा के घर के भीतर से अचानक पानी का फव्वारा फूट पड़ा। कुछ ही पलों में घर के अंदर पानी भर गया और टाइल्स टूटकर बिखर गईं। गनीमत रही कि पीड़ित विशाल शर्मा उस समय घर में ही मौजूद थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।

पीड़ित मकान मालिक विशाल शर्मा ने आरोप लगाया है कि यह बोरिंग का काम यातायात विभाग में पदस्थ एक पुलिसकर्मी (पांडे) द्वारा बिना किसी सुरक्षा मानकों के कराया जा रहा था। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने नुकसान की शिकायत की और मुआवजे की मांग की, तो पुलिसकर्मी ने नुकसान की भरपाई करने से साफ इनकार कर दिया और उल्टा उन्हें धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि इस घटना के बाद से उनका परिवार डरा हुआ है और वे मानसिक रूप से परेशान हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने प्रशासन और नगर निगम से इस अवैध बोरिंग की जांच करने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, मोहल्ले के अन्य निवासियों ने भी बोरिंग कार्यों पर सख्त निगरानी और नियमों के पालन की मांग उठाई है ताकि भविष्य में ऐसी किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।




































