KHAIRAGARH NEWS. छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के भीतर घट रही हिंसक घटनाएं गंभीर सवाल खड़े करने लगी हैं। ड्यूटी पर तैनात जवानों की आपसी रंजिश और मानसिक दबाव अब जानलेवा रूप लेता दिख रहा है। खैरागढ़ जिले के घाघरा बटालियन कैंप में हुई ताजा घटना ने पूरे सुरक्षा तंत्र को झकझोर कर रख दिया है। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के घाघरा बटालियन कैंप में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कैंप में तैनात एक जवान ने अपने ही साथी जवान की गोली मारकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि मृतक जवान गहरी नींद में सो रहा था, तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर उस पर गोली चला दी। मृतक जवान की पहचान सोनवीर जाट के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का निवासी था और खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित CAF बटालियन में पदस्थ था। पुलिस के मुताबिक, उसी कैंप में तैनात जवान अरविंद गौतम से उसकी लंबे समय से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी।

इसी आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और फायरिंग कर दी। घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई। अन्य जवानों ने घायल सोनवीर को तत्काल खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपी जवान अरविंद गौतम को गिरफ्तार कर गातापार थाना में रखा है। मृतक जवान के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के खैरागढ़ पहुंचने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस आपसी विवाद के कारणों और घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।

बता दें कि इस घटना से चार दिन पहले नारायणपुर जिले में भी सुरक्षा बल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया था। वहां सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान ने ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक जवान सचिन कुमार, उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला था और नारायणपुर के होरादी सुरक्षा कैंप में तैनात था।

































